Publish Date: Wed, 08 Apr 2020 (08:40 IST)
Updated Date: Wed, 08 Apr 2020 (08:43 IST)
वुहान। चीन का वुहान, जहां से कोरोना वायरस महामारी शुरू हुई और पूरी दुनिया में फैल गई, वहां 11 हफ्ते के बाद लॉकडाउन खत्म हो गया है। अधिकारियों ने वुहान के लोगों को बाहर आने जाने की इजाजत दे दी है। वुहान में लॉकडाउन को देखते हुए ही दुनिया के कई देशों ने इस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन का यही मॉडल अपनाया था।
बुधवार की मध्य रात्रि से लॉकडाउन खत्म होने के बाद शहर के 1.1 करोड़ लोगों को अब कहीं भी आने जाने के लिए विशेष अनुमति की जरूरत नहीं होगी। हालांकि स्मार्ट फोन एप से अभी भी उन पर प्रशासन की नजर रहेगी।
इस मौके पर यांगतेज नदी के दोनों ओर लाइट शो हुआ, गगनचुंबी इमारतों और पुलों पर ऐसी छवियां तैर रहीं थीं जिनमें स्वास्थ्यकर्मी मरीजों को ले जाते हुए दिख रहे थे, तो कहीं वुहान के लिए ‘हीरोइक सिटी’ शब्द दिख रहे थे।
तटबंधों और पुलों पर नागरिक झंडे लहरा रहे थे और ‘वुहान आगे बढ़ो’ के नारे लगा रहे थे तथा चीन का राष्ट्रगान गा रहे थे।
एक व्यक्ति तोंग झेंगकुन ने कहा कि मुझे बाहर निकले को 70 दिन से भी ज्यादा वक्त हो गया। वह जिस इमारत में रहते थे वहां संक्रमित व्यक्ति मिले थे जिसके बाद से पूरी इमारत को बंद कर दिया गया था।
सड़कों पर गाड़ियां उतर आईं, सैकड़ों लोग शहर से बाहर जाने के लिए ट्रेनों और विमानों का इंतजार करते दिखे तो कई लोग नौकरी पर जाने को बेताब नजर आए। चीन के कोविड-19 के 82,000 मामलों में से अधिकांश वुहान में थे।
भाषा
Publish Date: Wed, 08 Apr 2020 (08:40 IST)
Updated Date: Wed, 08 Apr 2020 (08:43 IST)