Publish Date: Sun, 29 Nov 2020 (11:10 IST)
Updated Date: Sun, 29 Nov 2020 (11:13 IST)
नई दिल्ली। भारत में कोरोनावायरस संक्रमण के मामले बढ़कर करीब 94 लाख हो गए हैं, जिनमें से 88 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं और लोगों के स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर और सुधरकर 93.71% हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोनावायरस संक्रमण के 41,810 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 93,92,919 हो गई है तथा 496 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,36,696 हो गई है।
देश में लगातार 19वें दिन उपचाराधीन मामलों की संख्या पांच लाख से कम बनी हुई है। भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,53,956 है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 4.83 % है।
देश में संक्रमण के बाद स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या बढ़कर 88,02,267 हो गई है, जिसके बाद लोगों के स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 93.71 % है, जबकि कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की दर 1.46 % है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक 28 नवंबर तक 13.92 करोड़ नमूनों की जांच की जा चुकी है जिनमें से 12,83,449 नमूनों की जांच शुक्रवार को की गई।
भारत में 7 अगस्त को संक्रमित लोगों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और 5 सितंबर को 40 लाख के पार चली गई थी।