Publish Date: Thu, 04 Jun 2020 (09:36 IST)
Updated Date: Thu, 04 Jun 2020 (09:40 IST)
शिलांग। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने बताया कि हाल में देश के दूसरे राज्यों से लौटे 2 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है जिससे प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 33 हो गई है।
संगमा ने बताया कि गोवा और महाराष्ट्र से लौटे 2 लोग बुधवार की रात संक्रमित पाए गए। इससे कुछ घंटे पहले उत्तरप्रदेश से लौटा 1 व्यक्ति भी इस घातक वायरस से संक्रमित पाया गया था।
उन्होंने ट्वीट किया कि गोवा और महाराष्ट्र से लौटे 2 और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। दोनों ही पूर्वी खासी हिल्स जिले के शिलांग में क्वारंटाइन में रखे गए हैं और स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि 33 मामलों में से 19 लोगों का उपचार चल रहा है और 13 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 1 मरीज की मौत हो चुकी है। (भाषा)