Publish Date: Tue, 02 Mar 2021 (14:45 IST)
Updated Date: Tue, 02 Mar 2021 (14:50 IST)
मुंबई। कोरोना काल में वर्ष 2020 के दौरान भारत में 40 उद्यमी अरबपतियों की सूची में जुड़ गए। इन्हें मिलाकर भारत के कुल 177 लोग अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए।
दुनिया के धनी लोगों की हुरुन ग्लोबल की इस सूची में कहा गया है कि वर्ष 2020 में जब पूरी दुनिया कोरोना महामारी की चपेट में रही भारत में 40 लोग अरबपतियों की सूची में पहुंच गए। रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी लगातार सबसे अमीर भारतीय बने हुए हैं। उनकी संपत्ति 24 प्रतिशत बढ़कर 83 अरब डालर पर पहुंच गई। दुनिया के अरबपतियों की सूची में वह एक पायदान चढ़कर आठवें नंबर पर पहुंच गए।
गुजरात के उद्योगपति गौतम अडाणी की संपत्ति में भी अच्छा इजाफा हुआ है। वर्ष 2020 में उनकी संपत्ति 32 अरब डॉलर तक पहुंच गई और दुनिया के अमीरों की सूची में उनका स्थान 20 पायदान चढ़कर 48 नंबर पर पहुंच गया। मुकेश अंबानी के बाद वह दूसरे सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं। उनके भाई विनोद की संपत्ति 128 प्रतिशत बढ़कर 9.8 अरब डालर हो गई।
आईटी कंपनी एचसीएल के शिव नाडर भारत के अरबपतियों की सूची में 27 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे नंबर पर रहे।
महिन्द्रा समूह के आनंद महिन्द्रा की संपत्ति में भी 100 प्रतिशत वृद्धि हुई है और यह 2.4 अरब डॉलर हो गई। बॉयकोन की किरण मजूमदार की संपत्ति 41 प्रतिशत बढ़कर 4.8 अरब डॉलर हो गई। वहीं पतंजलि आयुर्वेद के आचार्य बालकृष्ण की संपत्ति इस दौरान 32 प्रतिशत घटकर 3.6 अरब डॉलर रह गई।
टेस्ला के एलन मस्क 197 अरब डालर की संपत्ति के साथ दुनिया में शीर्ष पर हैं। इसके बाद अमेजन के जैफ बेजोस का नंबर है। उनकी संपत्ति 189 अरब डॉलर रही है।
इस रिपोर्ट में 15 जनवरी तक के आंकड़ों के मुताबिक व्यक्तिगत या फिर पारिवारिक संपत्ति के तौर पर आकलन किया गया है। यहां यह उल्लेखनीय है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में चालू वित्त वर्ष के दौरान 7 प्रतिशत गिरावट आने का अनुमान व्यक्त किया गया है। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के प्रकोप से बचने के लिए सरकार को लॉकडाउन लगाना पड़ा था।