Publish Date: Tue, 05 May 2020 (21:34 IST)
Updated Date: Tue, 05 May 2020 (21:38 IST)
नई दिल्ली। कोरोना काल में भारत सरकार ने विदेश में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार ने विदेश में फंसे भारतीयों को समुद्र के रास्ते स्वदेश लाने का काम भारतीय नौसेना को सौंपा है। ऑपरेशन के पहले चरण में 8 मई को माले में फंसे भारतीयों को वापस लाया जाएगा।
इसी क्रम में भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन 'समुद्र सेतु' शुरू किया है। भारतीय नौसेना ने अपने दो जलपोत मालदीव में फंसे भारतीयों को लेने के लिए भेज दिए हैं। भारतीय नौसेना के जलपोत 'जलअश्व' और 'मगर' मॉलदीव के माले बंदरगाह के लिए रवाना हो गए हैं।
इन दोनों जलपोतों से 1000 भारतीयों को स्वदेश लाया जाएगा। मालदीप भी नौसेना के जहाजों द्वारा भेजे जाने वाले भारतीयों की सूची बना रहा है। मेडिकल जांच और स्क्रीनिंग के बाद उन्हें भारत भेजा जाएगा। इन जहाजों में भारतीयों को लाने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
इन्हें कोच्चि बंदरगाह पर उतारा जाएगा। इसके बाद राज्य अधिकारियों की निगरानी में भेजा जाएगा। भारतीय नौसेना विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य और अन्य एजेंसियों के समन्वय से पूरा ऑपरेशन आगे बढ़ा रही है।