Publish Date: Thu, 30 Apr 2020 (19:42 IST)
Updated Date: Thu, 30 Apr 2020 (19:46 IST)
मुंबई। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू Lockdown का उल्लंघन कर नवी मुंबई से साइकिल से अपने घरों के लिए हजारों किलोमीटर की यात्रा पर निकले 57 प्रवासी मजदूरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि लॉकडाउन के दौरान इन प्रवासी मजदूरों को साइकिलें बेचने वाले तीन दुकान मालिकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
गश्त पर निकले कुछ पुलिसकर्मियों ने बुधवार तड़के नवी मुंबई में महापे के पास लोगों के एक समूह को साइकिलों से जाते देखा।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ किए जाने पर मजदूरों ने बताया कि रोजगार नहीं रहने और खाने-पीने का सामान खत्म होने के बाद वे नवी मुंबई के तुर्भे तथा आसपास के इलाके से उत्तरप्रदेश, बिहार और झारखंड में अपने घर जाने के लिए निकले हैं। उन्होंने बताया कि तुर्भे और पास के इलाके में तीन दुकानों से इन लोगों ने साइकिलें खरीदी थीं।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद 57 प्रवासी मजदूरों को तुर्भे थाना ले जाया गया और भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया।
उनकी साइकिलें जब्त कर ली गईं। इन मजदूरों को साइकिल बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन राणे ने बताया कि बाद में मजदूरों को नवी मुंबई में अपने घर जाने दिया गया और उन्हें पर्याप्त खाना और अनाज भी मुहैया कराया गया। (भाषा) (प्रतीकात्मक चित्र)
webdunia
Publish Date: Thu, 30 Apr 2020 (19:42 IST)
Updated Date: Thu, 30 Apr 2020 (19:46 IST)