Publish Date: Tue, 08 Jun 2021 (13:00 IST)
Updated Date: Tue, 08 Jun 2021 (15:27 IST)
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्य में लॉकडाउन खत्म करने की घोषणा की। राज्य में सभी दफ्तर 50% के साथ शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे। शाम 7 से सुबह 5 तक कोरोना कर्फ्यू रहेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर बताया कि कोरोना संक्रमण में कमी आयी है। अब शाम सात बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा। वहीं सरकारी और निजी कार्यालय 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ शाम चार बजे तक खुलेंगे। वहीं दुकानदार सुबह 6 से दोपहर 2बजे के बजाय अब 5 बजे तक अपनी दुकान खोल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शिक्षण कार्य किए जा सकेंगे। निजी वाहन चलने की अनुमति रहेगी। यह व्यवस्था अगले एक सप्ताह तक रहेगी। अभी भी भीड़भाड़ से बचने की आवश्यकता है।
उल्लेखनीय है कि लॉकडाउन-4 की मियाद 8 जून यानी मंगलवार को समाप्त हो रही है। कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए राज्य सरकार ने 5 मई से बिहार में लॉकडाउन लगा रखा है। लॉकडाउन का प्रथम चरण 15 मई तक था। बाद में इसे 25 तारीख तक बढ़ाया गया।
हालात की सीमाक्षा के बाद सरकार ने एक सप्ताह तक इसे और बढ़ाने का फैसला लिया। फिर 2-8 जून तक के लिए लॉकडाउन-4 लागू किया गया जो मंगलवार तक प्रभावी है।