Publish Date: Fri, 14 May 2021 (10:57 IST)
Updated Date: Fri, 14 May 2021 (11:03 IST)
ओलंपिया। अमेरिका में वॉशिंगटन के प्राधिकारियों ने कहा है कि राज्य में सभी स्कूल वर्ष 2021-22 में छात्रों के लिए पूरी तरह खुलेंगे तथा छात्र और कर्मचारियों को मास्क पहनना होगा। वॉशिंगटन राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि इन्हें कोरोनावायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए तैयार किया गया है।
मास्क लगाने का निर्देश विवादों में घिर सकता है, क्योंकि रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र ने गुरुवार को कहा कि कोविड-19 टीके की दोनों खुराक ले चुके लोगों को बाहर जाने पर या अंदर रहने पर मास्क पहनने की आवश्यकता नहीं है। अभी वॉशिंगटन राज्य में 12 साल से अधिक आयु के लोग ही कोविड-19 रोधी टीका लगवा सकते हैं।
वॉशिंगटन में करीब 11 लाख छात्र स्कूलों में पढ़ते हैं। स्कूलों ने अपने दिशा-निर्देशों में कहा है कि अगर 6 फुट की दूरी का पालन नहीं किया जा सकता तो सभी लोगों को बाहर के साथ ही घर के अंदर भी मास्क पहनना होगा। (भाषा)