ओम शांति ओम' से फैमस हुई अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का नाम भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्रसिंह धोनी और युवराजसिंह के साथ जोड़ा जा रहा है। अब शोध का विषय हो सकता है कि आखिर दीपिका किससे प्यार करती हैं? युवराज से या धोनी से। दोनों ही माशाल्लाह बाँके नौजवान हैं और लोकप्रियता के लिहाज से भी दोनों बराबर हैं। धोनी कप्तान जरूर हैं, लेकिन दीपिका समझती हैं कि बीसीसीआई के मन को भाया तो....। खैर मुद्दे पर लौटते हैं, दीपिका हैं किसकी?
अब अगर यह कॉन्सेप्ट किसी टीवी चैनल को बताया जाए तो वह निश्चित रूप से कोई प्रतियोगिता चला देगा। प्रतियोगिता कुछ इस तरह होगी कि एसएमएस कीजिए कि दीपिका किसकी? धोनी की या युवी की। धोनी के लिए 'ए' टाइप करें और युवी के लिए 'बी' टाइप करें, दोनों ऑप्शन के लिए 'सी' टाइप करें और भेज दें उसे 00000 पर। जिस ऑप्शन के लिए सबसे ज्यादा एसएमएस आएँगे, वही होगा विजेता और उसे ही मिलेगी दीपिका।
खैर यह तो थी टीवी चैनल की बात। दीपिका की भी तो कोई मर्जी होगी न कि वह किसे पसंद करें? हमें मालूम है दीपिका की पसंद, आइए हम बताते हैं कि दीपिका किसे मिलेंगी? और इसके लिए आपको एसएमएस करने की भी जरूरत नहीं है।
दरअसल हमारे खबरी के अनुसार दीपिका ने शर्त रखी है कि अगर किसी सिरीज में धोनी और युवी में से कोई एक प्रभावी प्रदर्शन न कर पाया तो वे उससे हमेशा के लिए नाता तोड़ लेंगी और उसके साथ ही दोस्ती रखेंगी जो शानदार क्रिकेट खेलेगा।
अब कुछ माजरा समझ में आया आपको कि आखिर क्यों धोनी और युवी पाकिस्तान के गेंदबाजों को बेदर्दी से धो रहे थे? जाहिर है दीपिका को इम्प्रैस करने के लिए। दोनों ने ही पाकिस्तान के खिलाफ सिरीज में जमकर खेल दिखाया, युवी तो 'मैन ऑफ द सिरीज' भी रहे। अभी मामला बराबर का है और फैसला होगा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सिरीज में।
यहाँ पर यह गौर करने वाली बात यह है कि दीपिका भी क्रिकेट मैचों के दौरान मौजूद रहीं और दर्शकों में आकर्षण का केन्द्र बनी रहीं। और तो और उत्साही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया भी क्रिकेट मैचों में उनकी मौजूदगी के बारे में प्रतिक्रिया जानने पहुँच गया और दीपिका ने भी धोनी के बारे में किए गए सवालों पर बड़े ही डिप्लोमैटिक अंदाज में जवाब दिए।
इसमें कोई दो मत नहीं कि क्रिकेट पहले ही भारतीय उपमहाद्वीप में सबसे ज्यादा आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है और अब फिल्मी सितारों की मौजूदगी ने क्रिकेट को अधिक रंगीन बना डाला है।
बहरहाल, दीपिका के बहाने ही सही, हम पाकिस्तान को सिरीज में मात तो दे पाए। हमारे बचे हुए खिलाड़ियों को भी आपस में किसी खूबसूरत चेहरे के लिए इसी तरह कम्पीट करना चाहिए। अगर ऐसा हो गया तो हम क्रिकेट की महाशक्ति होंगे।