Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

इयोन मोर्गन के तूफान में उड़ा अफगानिस्तान, इंग्लैंड 150 रन की जीत के साथ World Cup की अंक तालिका में टॉप पर

हमें फॉलो करें इयोन मोर्गन के तूफान में उड़ा अफगानिस्तान, इंग्लैंड 150 रन की जीत के साथ World Cup की अंक तालिका में टॉप पर
, मंगलवार, 18 जून 2019 (23:35 IST)
मैनचेस्टर। कप्तान इयोन मोर्गन के रिकॉर्ड शतक के बाद गेंदबाजों के कमाल से इंग्लैंड आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के लीग मैच में मंगलवार को यहां अफगानिस्तान को 150 रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया। 
 
मोर्गन ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 71 गेंद में रिकॉर्ड 17 छक्कों और 4 चौकों की बदौलत 148 रन बनाए। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो (90) और जो रूट (88) ने भी अर्द्धशतक जड़े, जिससे इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 397 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह इंग्लैंड का विश्व कप में सबसे बड़ा स्कोर होने के साथ ओल्ड ट्रैफर्ड पर भी सर्वाधिक स्कोर है। 
 
मोर्गन ने 28 रन पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए रूट के साथ 3 विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी की। रूट और बेयरस्टो ने भी दूसरे विकेट के लिए 120 रन जोड़े।

इंग्लैंड की पारी में 25 छक्के लगे, जो विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले इंग्लैंड ने ही वेस्टइंडीज के खिलाफ एक पारी में 24 छक्के मारे थे। मैच में कुल 33 छक्के लगे जो विश्व कप मैच में नया रिकॉर्ड है। 
 
इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम आदिल राशिद (66 रन पर 3 विकेट), जोफ्रा आर्चर (52 रन पर 3 विकेट) और मार्क वुड (40 रन पर 2 विकेट) की उम्दा गेंदबाजी के सामने 8 विकेट पर 247 रन ही बना सकी।
 
अफगानिस्तान की ओर से हशमतुल्लाह शाहिदी (76), रहमत शाह (46), असगर अफगान (44) और कप्तान गुलबदिन नाईब (37) ने उपयोगी पारियां खेली लेकिन टीम को लक्ष्य के करीब भी नहीं पहुंचा सके। 
 
इस जीत से इंग्लैंड की टीम 5 मैचों में 4 जीत और 1 हार से 8 अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया के भी 8 अंक हैं लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण इंग्लैंड शीर्ष पर है। अफगानिस्तान 5 मैचों में 5 हार के साथ 10 टीमों के बीच अंतिम पायदान पर है।
 
अफगानिस्तान की ओर से हशमतुल्लाह शाहिदी ने सर्वाधिक 76, रहमत शाह ने 46 और असगर अफगान ने 44 रनों का योगदान दिया। अफगानिस्तान को अंतिम 5 ओवर में जीत के लिए 171 रन की दरकार थी और टीम इस स्कोर के आसपास भी नहीं पहुंच सकी।
 
इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को बेयरस्टो और जेम्स विन्स (26) ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़कर सतर्क शुरुआत दिलाई। तेज गेंदबाज दौलत जादरान ने विन्स को मुजीब उर हसन के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। 
 
बेयरस्टो और रूट ने इसके बाद अगले 20 ओवर से अधिक समय तक अफगानिस्तान के गेंदबाजों को सफलता से महरूम रखा। बेयरस्टो ने स्पिनर रहमत शाह पर पारी का पहला छक्का जड़ा। रूट ने नाईब की गेंद पर एक रन के साथ 20वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। इस ओवर में बेयरस्टो ने चौके के साथ 61 गेंद में अर्द्धशतक जड़ा जो एकदिवसीय क्रिकेट में उनका सबसे धीमा अर्द्धशतक है। 
 
बेयरस्टो ने इसके बाद राशिद को निशाना बनाते हुए उनके ओवर में चौका और छक्का जड़ा और फिर मोहम्मद नबी की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। बेयरस्टो हालांकि नाईब की धीमी गेंद पर उन्हीं को वापस कैच देकर पैवेलियन लौट गए। उन्होंने 99 गेंद का सामना करते हुए 8 चौके और 3 छक्के मारे। 
 
इसके बाद मोर्गन का जलवा देखने को मिला। मोर्गन ने नाईब पर लगातार 2 छक्कों के साथ अपने तेवर दिखाए। मोर्गन 28 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब 36वें ओवर में राशिद की गेंद पर दौलत ने उनका कैच टपका दिया और गेंद 4 रन के लिए चली गई। इंग्लैंड के कप्तान ने इस ओवर में 2 और छक्के मारे और इंग्लैंड का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। 
 
रूट ने इस बीच नबी की गेंद पर एक रन के साथ 54 गेंद में अर्द्धशतक पूरा किया। मोर्गन ने भी इसी स्पिनर पर छक्के के साथ सिर्फ 36 गेंद में अर्द्धशतक बनाया। मोर्गन ने नबी पर 2 और छक्के मारे जबकि राशिद खान के ओवर में 3 छक्कों के साथ 57 गेंद में विश्व कप का चौथा सबसे तेज शतक पूरा किया। 
 
नाईब का पारी का 47वां ओवर घटना प्रधान रहा। मोर्गन ने पहली दो गेंदों पर छक्के जड़े जबकि चौथी गेंद पर रूट ने लांग ऑन पर रहमत को कैच थमा दिया। रूट ने 82 गेंद का सामना करते हुए 5 चौके और एक छक्का मारा। 
 
मोर्गन ने पांचवीं गेंद पर अपना 17वां छक्का जड़कर एकदिवसीय मैच में सर्वाधिक छक्कों के क्रिस गेल, रोहित शर्मा और एबी डिविलियर्स (सभी 16 छक्के) के रिकॉर्ड को तोड़ा। वह एकदिवसीय क्रिकेट में पहले बल्लेबाज हैं जिन्होंने छक्कों से ही 100 से अधिक रन जुटाए। वह हालांकि अंतिम गेंद पर रहमत को कैच दे बैठे। 
 
जोस बटलर (2) भी अगले ओवर में दौलत का शिकार बने। दौलत ने अंतिम ओवर में बेन स्टोक्स (2) को भी पैवेलियन भेजा लेकिन मोईन अली (9 गेंद में नाबाद 31, 3 छक्के, 1 चौका) ने 2 छक्कों के साथ टीम का स्कोर 400 रन के करीब पहुंचाया। इंग्लैंड की टीम ने अंतिम 15 ओवर में 198 रन बनाए। 
 
अफगानिस्तान की ओर से नाईब ने 68 जबकि दौलत ने 85 रन देकर 3-3 विकेट चटकाए। राशिद बेहद महंगे साबित हुए। उन्होंने 9 ओवर में 110 रन लुटाए जबकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

राशिद का यह प्रदर्शन विश्व कप मैच में किसी गेंदबाज का सबसे खराब प्रदर्शन है। वह अफगानिस्तान की ओर से किसी एकदिवसीय मैच में सबसे महंगे गेंदबाज भी साबित हुए। राशिद के खिलाफ 11 छक्के लगे, जो विश्व कप मैच में रिकॉर्ड है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन की गेंदबाजी का कमाल, सोशल मीडिया पर बनी सुर्खियां