Publish Date: Wed, 19 Jun 2019 (07:10 IST)
Updated Date: Wed, 19 Jun 2019 (00:59 IST)
मैनचेस्टर। इंग्लैंड ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप मुकाबले में आफगानिस्तान को 150 रनों से रौंद डाला। इस मैच में 8 रिकॉर्ड बने, जो इस प्रकार है...
1. इंग्लैंड ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 397 रन का स्कोर खड़ा किया। किसी भी विश्व कप में इंग्लैंड का यह अब तक का सर्वाधिक स्कोर है।
2. इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन ने 17 छक्के लगाकर एकदिवसीय क्रिकेट में नया रिकॉर्ड कायम किया। वनडे में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड भारत के रोहित शर्मा, वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल और दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स के नाम था जिन्होंने 16-16 छक्के लगाये थे। मोर्गन ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 71 गेंद में रिकॉर्ड 17 छक्कों और चार चौकों की बदौलत 148 रन बनाए।
3. इयोन मोर्गन एकदिवसीय क्रिकेट में पहले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने छक्कों से ही 100 से अधिक रन जुटाए।
4. मोर्गन ने अपनी पारी के दौरान 57 गेंद में विश्व कप का चौथा सबसे तेज शतक पूरा किया। इंग्लैंड के किसी बल्लेबाज का विश्व कप में यह सबसे तेज शतक है। विश्व कप में इससे तेज शतक आयरलैंड के केविन ओ ब्रायन (50 गेंद), ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल (51 गेंद) और डिविलियर्स (52 गेंद) के नाम दर्ज हैं।
5. इंग्लैंड की पारी में 25 छक्के लगे जो विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले इंग्लैंड ने ही वेस्टइंडीज के खिलाफ एक पारी में 24 छक्के मारे थे।
6. अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने 9 ओवर में 110 रन लुटाए जबकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। राशिद का यह प्रदर्शन विश्व कप मैच में किसी गेंदबाज का सबसे खराब प्रदर्शन है।
7. राशिद खान अफगानिस्तान की ओर से किसी एकदिवसीय मैच में सबसे महंगे गेंदबाज भी साबित हुए। राशिद के खिलाफ 11 छक्के लगे जो विश्व कप मैच में रिकॉर्ड है।
8. मैनचेस्टर के मैदान पर इंग्लैंड का 50 ओवर में 6 विकेट पर 397 रन बनाने का कीर्तिमान भी रिकॉर्ड पुस्तिका में दर्ज हो गया। इससे पहले इस मैदान पर किसी भी एक दिवसीय मैच में इतने रन नहीं बने थे।