Publish Date: Mon, 08 Jul 2019 (00:06 IST)
Updated Date: Mon, 08 Jul 2019 (00:10 IST)
लीड्स। भारत को दो विश्व खिताब दिलाने वाले महेंद्र सिंह धोनी आज 38 वर्ष के हो गए और उन्होंने अपना जन्मदिन टीम इंडिया के साथ केक काटकर मनाया। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर धोनी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें बड़ा भाई बताया।
विराट ने कहा, 'माही भाई जन्मदिन मुबारक। बहुत कम लोग विश्वास और सम्मान का मतलब समझते होंगे। मुझे खुशी है कि मेरी इतने वर्षों से आपके साथ दोस्ती रही है। आप हम सभी के लिए बड़े भाई हो और मैंने पहले भी कहा है कि आप हमेशा मेरे कप्तान रहोगे।'
38 साल के हुए धोनी ने टीम इंडिया के सदस्यों की मौजूदगी में अपने जन्मदिन का केक काटा। इस मौके पर उनकी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी मौजूद थी। धोनी ने केक काटने के बाद सबसे पहले अपनी बेटी को केक खिलाया और फिर अपनी पत्नी साक्षी के केक खिलाया।
टीम इंडिया के उनके साथी खिलाड़ियों ने धोनी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके चेहरे पर केक लगा दिया। भारतीय टीम ने कल श्रीलंका को सात विकेट से हराकर विश्वकप की तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और टीम ने इसके अगले ही दिन अपने पूर्व कप्तान का जन्मदिन मनाया। टीम के सदस्य केदार जाधव और हार्दिक पांड्या ने इंस्टाग्राम के जरिए धोनी को उनके जन्मदिन की बधाई दी।
पांड्या ने कहा, 'जन्मदिन मुबारक माही भाई। आपके साथ गुजारे हर दिन ने हमें कुछ ना कुछ सीखने का मौका दिया। आप मेरे जीवन के सबसे बड़े आर्दशों में से एक हैं।' पांड्या ने एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें दोनों धोनी का हेलीकॉप्टर शॉट मारते दिखाई दे रहे हैं।
युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भी धोनी के साथ अपना एक वीडियो शेयर किया और कहा, 'जन्मदिन मुबारक माही भाई। आप मेरे मेंटर, भाई और दोस्त हो' जबकि केदार ने कहा, 'आपके प्रति अपना स्नेह व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है।'
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी धोनी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके 4 विश्व कप में अलग-अलग लुक की तस्वीर पोस्ट की और पूछा कि इनमें आपको कौन सा सबसे ज्यादा पसंद है।
पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने धोनी को जन्मदिन की बधाई देते हुए अपने विशिष्ट अंदाज में उन्हें क्रिकेट का चमत्कार बताया। सहवाग ने कहा, 'दुनिया में 7 महाद्वीप, सप्ताह में 7 दिन, इंद्रधनुष में 7 रंग, संगीत के 7 सुर, मानव जीवन के 7 चक्र, विवाह के 7 फेरे, दुनिया के 7 अजूबे, 7वें महीने का सातवां दिन, क्रिकेट की दुनिया के चमत्कार को जन्मदिन की बधाई।'