Publish Date: Sat, 01 Jun 2024 (16:10 IST)
Updated Date: Sat, 01 Jun 2024 (16:14 IST)
अमृतसर। पंजाब में अमृतसर के अजनाला (Ajnala) में बाइक सवार 2 अज्ञात हमलावरों ने आम आदमी पार्टी (AAP) के एक कार्यकर्ता की कथित तौर पर गोली मारकर (shot dead) हत्या कर दी और इस घटना में 4 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हमलावर अजनाला के लखुवाल गांव में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। अजनाला थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) बलबीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात जब कुछ लोग घर के बाहर बैठे थे, उस दौरान यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि 2 हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और वहां मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी में 1 व्यक्ति की मौत हो गई जिसकी पहचान बाद में दीपिंदर सिंह उर्फ दीपू के रूप में हुई। दीपू हाल ही में आप में शामिल हुआ था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में 4 अन्य लोग घायल हो गए। एसएचओ ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है। लोकसभा चुनाव के 7वें और अंतिम चरण में पंजाब की 13 सीटों के साथ ही चंडीगढ़ की एकमात्र सीट के लिए शनिवार को मतदान हो रहा है।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Sat, 01 Jun 2024 (16:10 IST)
Updated Date: Sat, 01 Jun 2024 (16:14 IST)