Publish Date: Tue, 10 Feb 2015 (15:11 IST)
Updated Date: Tue, 10 Feb 2015 (15:15 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के ठीक एक साल बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल 14 फरवरी को रामलीला मैदान में एक बार फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी की शानदार जीत के बाद आप नेता आशुतोष ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल 14 फरवरी को रामलीला मैदान में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।' केजरीवाल ने प्रतिष्ठित नई दिल्ली सीट पर भाजपा की नुपुर शर्मा को करारी शिकस्त देते हुए 31,583 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की है।
वर्ष 2013 के विधानसभा चुनावों में एक नई पार्टी के तौर पर उभरी आप ने कांग्रेस को तीसरे स्थान पर धकेलकर एक हैरतअंगेज़ कारनामा अंजाम दिया था। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी।
केजरीवाल ने दिल्ली के सातवें मुख्यमंत्री के रूप में 28 दिसंबर को ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सार्वजनिक रूप से शपथ ली थी। यह वही रामलीला मैदान है, जो लोकपाल आंदोलन का आयोजन स्थल बना था।
केजरीवाल ने 2013 के विधानसभा चुनाव में दिल्ली की तीन बार की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को उनके ही गढ़ में 25,864 वोटों के भारी अंतर से हराया था।
केजरीवाल ने भ्रष्टाचार-विरोधी जनलोकपाल विधेयक को भाजपा एवं कांग्रेस द्वारा बाधित किए जाने पर, 49 दिन सत्ता में रहने के बाद, पिछले साल 14 फरवरी को ही इस्तीफा दे दिया था।
webdunia
Publish Date: Tue, 10 Feb 2015 (15:11 IST)
Updated Date: Tue, 10 Feb 2015 (15:15 IST)