Publish Date: Sat, 08 Feb 2020 (17:06 IST)
Updated Date: Sat, 08 Feb 2020 (17:09 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बीच शनिवार को ट्विटर उस वक्त वार-पलटवार देखने को मिला जब आम आदमी पार्टी के संयोजक ने महिलाओं से मतदान की ‘खास अपील’ की।
केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि वोट डालने ज़रूर जाइए। सभी महिलाओं से खास अपील - जैसे आप घर की ज़िम्मेदारी उठाती हैं, वैसे ही मुल्क और दिल्ली की जिम्मेदारी भी आपके कंधों पर है। आप सभी महिलाएं वोट डालने ज़रूर जाएं और अपने घर के पुरुषों को भी ले जाएं। पुरुषों से चर्चा जरूर करें कि किसे वोट देना सही रहेगा।
उनकी इस टिप्पणी को रिट्वीट करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री ईरानी ने उन पर ‘महिला विरोधी’ होने का आरोप लगाया और सवाल किया कि आप क्या महिलाओं को इतना सक्षम नहीं समझते कि वे स्वयं निर्धारित कर सकें कि किसे वोट देना है?
इस पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मृति जी, दिल्ली की महिलाओं ने किसे वोट देना है, ये तय कर लिया है और पूरी दिल्ली में इस बार अपने परिवार का वोट महिलाओं ने ही तय किया है। आखिर घर तो उन्हें ही चलाना होता है।
गौरतलब है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार को मतदान हो रहा है। मतगणना 11 फरवरी को होगी।