Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Rekha Gupta : CM बनते ही एक्शन में नजर आईं रेखा गुप्ता, आयुष्मान योजना को मंजूरी, CAG रिपोर्ट विधानसभा में होगी पेश

Advertiesment
हमें फॉलो करें Rekha Gupta : CM बनते ही एक्शन में नजर आईं रेखा गुप्ता, आयुष्मान योजना को मंजूरी, CAG रिपोर्ट विधानसभा में होगी पेश

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , शुक्रवार, 21 फ़रवरी 2025 (00:01 IST)
दिल्ली के नवगठित मंत्रिमंडल ने गुरुवार को अपनी पहली बैठक में राजधानी में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के कार्यान्वयन को मंजूरी दी, महिला समृद्धि योजना पर चर्चा की और आठवीं विधानसभा के पहले सत्र में कैग की 14 लंबित रिपोर्ट पेश करने का भी निर्णय लिया।
 
दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी की पिछली सरकार ने शहर में स्वास्थ्य योजना लागू नहीं होने दी, जिससे लोगों को इसका फायदा नहीं मिल पाया था।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना को रोक दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे पूरे देश में लागू किया और अब हमने इसे दिल्ली के लिए मंजूरी दे दी है। मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदित योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को कुल 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जाएगा, जिसमें केंद्र और दिल्ली सरकार 5-5 लाख रुपए का योगदान देंगी।
 
उन्होंने कहा कि औपचारिकताएं जल्द ही पूरी कर ली जाएंगी और योजना का कार्यान्वयन शीघ्र शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मंत्रिमंडल ने नवगठित आठवीं दिल्ली विधानसभा के पहले सत्र में दिल्ली सरकार के प्रदर्शन पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की 14 रिपोर्ट पेश करने का निर्णय लिया है, जिन्हें पिछली ‘आप’ सरकार ने रोक रखा था। बैठक में दिल्ली की पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक सहायता देने की महिला समृद्धि योजना पर भी चर्चा की गई।
 
यह योजना पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा के चुनावी वादों में से एक थी। गुप्ता ने कहा कि आगे और विचार-विमर्श की आवश्यकता है, क्योंकि आवेदनों के पंजीकरण की व्यवस्था किए बिना लाभार्थी महिलाओं को भुगतान नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हमने इस बात पर विचार-विमर्श किया कि इन निधियों को कैसे और कहां लगाया जाए, लेकिन इस पर और चर्चा की जरूरत है। इसे बाद में अंतिम रूप दिया जाएगा। 
 
आतिशी ने लगाया आरोप : आम आदमी पार्टी (आप) नेता आतिशीने नयी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी ने मंत्रिमंडल की अपनी पहली बैठक में योजना को पारित करने का अपना वादा पूरा नहीं किया।
 
जवाब में, दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि आतिशी को इस योजना के बारे में चिंता नहीं करनी चाहिए क्योंकि इसे घोषित योजना के अनुसार लागू किया जाएगा। 
सीएम संग कैबिनेट ने की यमुना आरती : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सचिवालय में राष्ट्रीय राजधानी की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के तुरंत बाद वासुदेव घाट पर अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ यमुना आरती की।
 
दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना नदी में प्रदूषण और इसकी सफाई बड़ा चुनावी मुद्दा बन गया था। ‘आप’ संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर यमुना के अत्यधिक प्रदूषित होने को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने हमला किया था। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और अपने कैबिनेट सहयोगियों प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्रराज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह के साथ कैबिनेट की पहली बैठक से पहले ‘मां यमुना पूजा’ की।
 
घाट पर राम भजन बजाए गए और ‘‘जय श्री राम’’ और ‘‘यमुना मैया की जय’’ के जयकारे लगाए गए। इससे पहले शालीमार बाग से पहली बार विधायक बनीं गुप्ता को उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके मंत्रिपरिषद ने भी शपथ ली।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह, जे पी नड्डा और राजनाथ सिंह समेत भाजपा के शीर्ष नेता और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री इस समारोह में शामिल हुए।
बाद में गुप्ता दिल्ली सचिवालय पहुंचीं और दिल्ली के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। दिल्ली सचिवालय में उनकी मंत्रिपरिषद के नए सदस्य प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा भी मौजूद थे। इनपुट एजेंसियां

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi