इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के इस युग में दुनिया तो इंटरनेट पर जरूर सिमटने लगी है लेकिन लोगों के लिए तमाम तरह के इतने सारे पासवर्ड याद रखना लगातार मुश्किल होने लगा है। आए दिन नए-नए पासवर्ड बनाना और सही-सही रूप में दिमाग में रखना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर इन ढेर सारे पासवर्ड को संभाला कैसे जाए? अगर आपको अपनी याददाश्त पर पूरा भरोसा है, तब तो ठीक है, वरना इसके लिए एक 'सॉफ्ट' उपाय भी मौजूद है। ऐसे सेफ रखें अपने पासवर्ड 1. एक ही पासवर्ड का इस्तेमाल कई जगह न करें। हर चीज के लिए अलग पासवर्ड बनाएँ।
2. लंबे और 'मिश्रित' पासवर्ड बनाएँ। कोशिश करें कि उसमें 'स्मॉल' और 'कैपिटल लेटर', अंक और 'सिंबल' शामिल हों।
3. अंग्रेजी शब्दकोश में मिलने वाले शब्दों के प्रयोग से बचें या फिर उन शब्दों की गलत स्पेलिंग बनाकर पासवर्ड के रूप में इस्तेमाल करें।
ND
4. कभी भी 12345678, एबीसीडीईएफजी या फिर एक ही अंक अथवा अक्षर का बार-बार प्रयोग करके पासवर्ड न बनाएँ।
5. कभी भी अपना, परिवार के सदस्य या पालतू जानवर का नाम पासवर्ड के रूप में इस्तेमाल न करें। अगर ऐसा करना ही पड़े तो इसके बदले दूर के रिश्तेदारों के नाम, निकनेम वगैरह अपेक्षाकृत ज्यादा सुरक्षित होते हैं।
6. अपने जीवन से जुड़े अंकों या अक्षरों जैसे घर का पता, गाड़ी का नंबर, जन्मतिथि आदि का इस्तेमाल न करें।
7. समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें।
8. अगर पासवर्ड को कहीं लिखकर ही रखना पड़े तो उसे किसी गुप्त जगह पर ही रखें। ऐसा करते समय भी कोशिश करें कि पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति की समझ में आसानी से न आए। ऐसा करने के लिए एक बहुत ही आसान उपाय यह है कि पासवर्ड को उल्टा लिखकर या ऐसे ही किसी और तरीके से लिख कर रखें।
बाजार में ऐसे भी कई सॉफ्टवेयर उपलब्ध हैं जो आपके विभिन्न पासवर्ड को डिजिटल आधार पर सुरक्षित बना सकते हैं। उम्मीद की जा रही है कि भविष्य में पासवर्ड का स्थान लेने वाले 'बायो स्कैनर' जैसी सुरक्षा की और आधुनिक, सशक्त व सस्ती तकनीक आने के बाद पारंपरिक पासवर्ड का चलन ही खत्म हो जाएगा, लेकिन तब तक तो हमें इन्हीं का सहारा लेना पड़ेगा। इसलिए पासवर्ड को गंभीरता से लेते हुए इनके संबंध में कभी भी जरा भी लापरवाही न करें।