Publish Date: Sat, 09 May 2020 (12:08 IST)
Updated Date: Sat, 09 May 2020 (12:17 IST)
वेबदुनिया हिंदी की अपनी 20 वर्षीय यशस्वी यात्रा में आप सभी और हमारे करोड़ों पाठक हर मोड़, हर पड़ाव के साक्षी रहे हैं। कभी सामग्री को लेकर तो कभी वेबदुनिया के रूप-स्वरूप और प्रस्तुति को लेकर...हम बदलाव को आपके समक्ष लेकर आए और परिवार के सदस्य की तरह आप सभी ने अपने बहुमूल्य विचारों, सुझावों और सलाह से हमें समृद्ध किया है।
पिछले काफी समय से हमारे सहयोगियों, साथियों और सुधि पाठकों के मेल हमें मिलते रहे हैं जिनमें इस बात का जिक्र मिला कि वेबदुनिया को अपना 'लोगो' यानी प्रतीक चिन्ह भी बदलना चाहिए। हमारे साथियों तथा वेबदुनिया के लिए पाठकों का यह स्नेह और अधिकार बेशकीमती है।
हमने अपनी टीम के प्रखर साथियों और पैनी पैठ के चिंतकों से लंबे विचार-विमर्श के बाद वेबदुनिया का नया लोगो प्रस्तुत किया है। हम आशा करते हैं कि गहन सोच और सादगी को दर्शाते इस लोगो को आपका स्नेह मिलेगा।
ऊर्जा के लाल रंग, सात्विकता के सफेद रंग और धैर्य के श्याम रंग से संयोजित किए गए इस नए 'लोगो' को आप जरूर पसंद करेंगे।
वेब की दुनिया का ग्लोब से बाहर विस्तार हमारी व्यापक सोच और दायरे का प्रतीक है जबकि लाल सुर्ख बिंदी इस बात का प्रतीक है कि परंपरा और आधुनिकता का कुशल समायोजन जिस तरह वेबदुनिया में आप देखते आए हैं वह आगे भी जारी रहेगा। यह सुर्ख बिंदी स्त्री शक्ति का भी प्रतिनिधित्व करती है।
देश विदेश को समेटता वृत्त यानी लाल घेरा इस बात का द्योतक है कि ऊर्जा, उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ वेबदुनिया अपने पत्रकारिता के स्थापित मूल्यों के प्रति समर्पित है और लोगो में दुनिया का फैलाव स्वतंत्र सोच और नवीन मूल्यों की स्थापना को दर्शा रहा है। हमें उम्मीद है कि वेबदुनिया का यह सौम्य और सुंदर बदलाव आपके दिलों में स्थान पा सकेगा और हमें आपका स्नेह सदा की भांति मिलता रहेगा।
अंत में हम यही कहेंगे कि बदलाव प्रकृति का शाश्वत नियम है, लेकिन हम इस बात के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं कि अपने मूल्यों से किसी भी तरह का समझौता कदापि नहीं करें। यही हमारी थाती भी है। उम्मीद है आपको भी वेबदुनिया का यह बदलाव पसंद आएगा।
About Writer
संदीपसिंह सिसोदिया
वन-लाइनर बायो:
IIM इंदौर से प्रशिक्षित और 20+ वर्षों का अनुभव रखने वाले डिजिटल मीडिया लीडर व वरिष्ठ संपादक, जिन्होंने BBC, DW, Yahoo और MSN जैसे वैश्विक संस्थानों के साथ कार्य किया है। वे जियो-पॉलिटिक्स, पर्यावरण और समसामयिक मुद्दों पर अपने प्रखर लेखन और गहन विश्लेषण के लिए विशेष रूप से....
और पढ़ें