Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment
Candidate Name शिवराज सिंह चौहान
State Madhya Pradesh
Party BJP
Constituency Budhni
Candidate Current Position CM

Shivraj Singh Chouhan Biography in hindi : शिवराज सिंह चौहान के नाम सबसे लंबे समय तक मध्‍यप्रदेश के सीएम रहने का खिताब है। वे तीसरी बार बतौर मध्‍यप्रदेश के सीएम पद पर हैं। इस बार उन्‍हें भाजपा ने बुधनी सीट से विधानसभा 2023 के लिए टिकट दिया गया है।

तीसरी बार मुख्‍यमंत्री पद पर कार्य करते हुए भी उन्‍हें इस बार सीएम चेहरे के तौर पर प्रमोट नहीं किया गया है। हालांकि भाजपा ने अभी सीएम कौन होगा, इसका खुलासा नहीं किया है।

पिछले दिनों उनके बारे में कहा गया कि भाजपा आलाकमान उनके नाम पर चुनाव लडकर जोखिम नहीं लेना चाहता है। सीएम शिवराज का यह दर्द कई सभाओं में सामने भी आया है।
 
राजनीतिक सफर : शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री हैं। वे 29 नवंबर, 2005 को बाबूलाल गौर के स्थान पर राज्य के मुख्यमंत्री बने थे।

चौहान राज्य में भाजपा के महासचिव और अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे 1991 से पांच बार विदिशा संसदीय क्षेत्र से भी लोकसभा के लिए चुने जा चुके हैं।

फिलहाल वे राज्य विधानसभा में राज्य के सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। विधानसभा- 2023 में उन्‍हें बुधनी से ही पार्टी ने टिकट दिया।

वे छात्र जीवन से ही राजनीति से जुड़े रहे हैं। 1975 में वे मॉडल हायर सेकंडरी स्कूल की स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष थे। 1976-77 में आपातकाल के दौरान वे जेल भी गए। वर्ष 1977 से वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं।
 
चौहान एक लम्बे समय तक पार्टी की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से भी जुड़े रहे हैं। वे पहली बार राज्य विधानसभा के लिए 1990 में सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा सीट से चुने गए थे।
 
बाद में, वे अगले ही साल विदिशा संसदीय चुनाव क्षेत्र से लोकसभा के लिए पहली बार चुने गए। वे चार बार लोकसभा के लिए चुने गए और वे लोकसभा तथा संसद की कई समितियों में भी रहे। चौहान 2000 से 2003 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भी रहे।
 
दिसंबर, 2003 में भाजपा ने विधानसभा चुनावों में अपूर्व सफलता पाई थी और उस समय उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन वे राघौगढ़ विधानसभा चुनाव क्षेत्र से चुनाव हार गए थे। जब वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे तब उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया था।
 
30 नवंबर, 2005 को उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया गया। बाद में, उन्होंने बुधनी विधानसभा के लिए उपचुनाव लड़कर जीता।

वर्ष 2008 में शिवराज ने बुधनी सीट को 41 हजार से अधिक मतों से जीता और 12 दिसंबर, 2008 को उन्हें दूसरे कार्यकाल की शपथ दिलाई गई थी।

अपने मुख्यमंत्रित्व काल में चौहान ने कई लोकहित कारी कार्यक्रमों की शुरुआत की है जिन्हें राज्य में चलाया जा रहा है।
 
पेशे से एक किसान चौहान की संगीत में गहरी रुचि है और वे धार्मिक साहित्य पढ़ते हैं, मित्रों के साथ वाद-विवाद में भाग लेते हैं। मनोरम स्थलों की सैर करना, गाने सुनना और फिल्में देखना उनके मनोरंजन के पसंदीदा साधन हैं।

उनकी खेलों में भी रुचि है और वे कबड्डी, बॉलीवाल और क्रिकेट पसंद करते हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों की बहुत सी खेल संस्थाओं से भी जुड़े हैं।
 
उपलब्‍धि : शिवराज सिंह चौहान पहली बार 29 नवंबर 2005 को मुख्यमंत्री बने। उसके बाद 8 से 13 दिसंबर 2013 सीएम रहे फिर 14 दिसंबर 2013 से 17 दिसंबर 2018 तक मुख्यमंत्री बने रहे।

2018 में कमलनाथ की सरकार बनी, जो कि 15 महीने में गिर गई। 24 मार्च 2020 शिवराज सिंह चौहान ने चौथी बार ज्योतिरादित्य सिंधिया गुट के विधायकों के समर्थन से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ चौथी बार ली।

शिवराज सिंह मध्‍यप्रदेश मे सबसे लम्‍बे समय तक मुख्‍यमंत्री के रूप मे कार्यभार संभालने वाले पहले मुख्‍यमंत्री है। इसके पहले ये रिकार्ड अर्जुन सिंह और श्‍यामाचरण शुक्‍ल जी के पास था। ये मध्‍य प्रदेश के तीन तीन बार मुख्‍यमंत्री रह चुके हैं।
 
पारिवारिक पृष्‍ठभूमि : शिवराज सिंह चौहान एक किरार राजपूत परिवार से हैं। उनके पिता का नाम प्रेम सिंह चौहान और मां सुंदर बाई चौहान हैं।

सीहोर जिले के जैत गांव में पैदा हुए थे। उनका कृषकों का परिवार है। 1992 में उनका साधना सिंह से विवाह हुआ था और वे दो बेटों- कार्तिकेय सिंह चौहान और कुणाल सिंह चौहान के पिता हैं।
 
शिक्षा : शिवराज सिंह ने भोपाल के बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर (दर्शनशास्त्र) की शिक्षा ली। साल 1975 में आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भोपाल (मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल) के छात्रसंघ अध्यक्ष बने।
 
जन्‍म :  5 मार्च 1959 को सिहोर जिले के जैत गांव में हुआ।