Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड के लिए गाइडलाइन जारी,1 लाख से अधिक ट्रैक्टरों के शामिल होने का दावा

संयुक्त किसान मोर्चा ने ट्रैक्टर परेड के लिए जारी की गाइडलाइन

हमें फॉलो करें गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड के लिए गाइडलाइन जारी,1 लाख से अधिक ट्रैक्टरों के शामिल होने का दावा
webdunia

विकास सिंह

, सोमवार, 25 जनवरी 2021 (08:30 IST)
गणतंत्र दिवस पर नए कृषि कानून का विरोध कर रहे किसान संगठनों की ट्रैक्टर परेड के लिए गाइडलाइन जारी कर दी गई है। आंदोलन का नेतृत्व करने वाले  संगठन संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से जारी गाइडलाइन में किसानों को ट्रैक्टर परेड का पूरा रूट मैप बताने के साथ उनको क्या नहीं करना है इसकी भी हिदायत दी गई है। संयुक्त किसान मोर्चा  ने ट्रैक्टर परेड को लेकर एक हेल्पलाइन नंबर 7428384230 भी जारी किया है।
 
किसान आंदोलन की अगुवाई कर रहे स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने किसानों से शांति बनाए रखते हुए ट्रैक्टर परेड में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने अपील की है कि “साथियों हम इतिहास बनाने जा रहे हैं। आज तक देश में गणतंत्र दिवस पर इस देश के गण यानी कि हम लोगों ने कभी इस तरह परेड नहीं निकाली है। हमे इस परेड के जरिए देश और दुनिया को अपना दुख दर्द दिखाना है, तीनों किसान विरोधी कानूनों की सच्चाई को बताना है। हमें ध्यान रखना है कि इस ऐतिहासिक परेड में किसी किस्म का धब्बा ना लगने पाए। परेड शांति पूर्वक और बिना किसी वारदात के पूरी हो इसमें हमारी जीत है। याद रखिए, हम दिल्ली को जीतने नहीं जा रहे हैं, हम देश की जनता का दिल जीतने जा रहे हैं”।
 
ट्रैक्टर परेड से पहले की तैयारी-
1.परेड में ट्रैक्टर और दूसरी गाड़ी चलेंगी, लेकिन ट्रॉली नहीं जाएगी। जिन ट्रालियों में विशेष झांकी बनी होगी उन्हें छूट दी जा सकती है। 
2.अपने साथ 24 घंटे का राशन पानी पैक करके चलें। जाम में फंसने पर ठंड से बचाव का इंतजाम भी रखें। 
3.हर ट्रैक्टर या गाड़ी पर किसान संगठन के झंडे के साथ-साथ राष्ट्रीय झंडा भी लगाया जाए। किसी भी पार्टी का झंडा नहीं लगेगा।
4.अपने साथ किसी भी तरह का हथियार ना रखें, लाठी या जेली भी ना रखें। किसी भी भड़काऊ या नेगेटिव नारे वाले बैनर ना लगाएं।
5.परेड में शामिल होने की सूचना देने के लिए आप 8448385556 पर एक मिस्ड कॉल लगा दें।
 
ट्रैक्टर परेड के दौरान की गाइडलाइन-
1.परेड की शुरुआत किसान नेताओं की गाड़ी से होगी। उनसे पहले कोई ट्रैक्टर या गाड़ी रवाना नहीं होगी। हरे रंग की जैकेट पहने हमारे ट्रैफिक वॉलिंटियर की हर हिदायत को माने।
2.परेड का रूट तय हो चुका है। उसके निशान लगे होंगे। पुलिस और ट्रैफिक वॉलिंटियर आपको गाइड करेंगे। जो गाड़ी रूट से बाहर जाने की कोशिश करेगी उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। 
3.अगर कोई गाड़ी सड़क पर बिना कारण रुकने या रास्ते में डेरा जमाने कि कोशिश करती है, तो हमारे वॉलंटियर उन्हें हटाएंगे। सब गाड़ियां परेड पूरी करके वही वापस पहुंचेंगी जहां से शुरू हुई थी।
4.एक ट्रैक्टर पर ज्यादा से ज्यादा ड्राइवर समेत पांच लोग सवार होंगे। बोनट, बंपर या छत पर कोई नहीं बैठेगा।
5.सब ट्रैक्टर अपनी लाइन में चलेंगे कोई रेस नहीं लगाएगा। परेड में किसान नेताओं की गाड़ियों से आगे या उनके साथ अपनी गाड़ी लगाने की कोशिश नहीं करेगा।
6.ट्रैक्टर में अपना ऑडियो डेक नहीं बजाएं। इससे बाकी लोगों को मोर्चा की ऑडियो से हिदायतें सुनने में दिक्कत होगी।
7.परेड में किसी भी किस्म के नशे की मनाही रहेगी। अगर आपको कोई भी नशा करके ड्राइव करते हुए दिखाई दे तो उसकी सूचना नजदीक के ट्रैफिक वॉलिंटियर को दें।
8.परेड पूरी तरह शांति पूर्वक रहेगी। महिलाओं से पूरी इज्जत से पेश आएं। पुलिस का सिपाही भी यूनिफॉर्म पहने हुए किसान है,उससे कोई झगड़ा नहीं करना। मीडिया वाले चाहे जिस भी चैनल से हों, उनके साथ किसी तरह की बदतमीजी ना हो। 
9.कचरा सड़क पर ना फेंके। अपने साथ कचरे के लिए एक बैग अलग से रखें।
 
परेड के दौरान इमरजेंसी गाइडलाइन-
संयुक्त किसान मोर्चा ने हर किसम की इमरजेंसी का इंतजाम किया है इसलिए कोई दिक्कत होने पर घबराएं नहीं, बस इन हिदायतों का पालन करें:
1.किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें। अगर कोई बात चेक करना हो तो संयुक्त किसान मोर्चा की फेसबुक पर जाकर सच्चाई की जांच कर लें।
2.परेड में बीच-बीच में एंबुलेंस रहेंगी अस्पतालों के साथ इंतजाम किया गया है कोई मेडिकल इमरजेंसी हो तो हेल्पलाइन नंबर पर फोन करें या नजदीकी वालंटियर को बताएं।
3.ट्रैक्टर या गाड़ी खराब होने की स्थिति में उसे बिल्कुल साइड में लगा दें और वॉलिंटियर से संपर्क करें या हेल्पलाइन पर कॉल करें।
4.संयुक्त किसान मोर्चा का हेल्पलाइन नंबर इस परेड के लिए 24 घंटे खुला रहेगा कुछ भी पूछना हो या बताना हो तो तुरंत फोन करें।
5.अगर कोई वारदात हो तो उसकी खबर पुलिस कंट्रोल रूम को 112 नंबर पर दे सकते हैं।
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मेक्सिको के राष्ट्रपति ओबराडोर कोरोनावायरस से संक्रमित