Publish Date: Sun, 10 Sep 2023 (12:54 IST)
Updated Date: Sun, 10 Sep 2023 (14:17 IST)
G20 Summit news : G20 सम्मेलन के डिक्लेरेशन में रूस का नाम नहीं होने पर यूक्रेन ने सवाल उठाए हैं। हालांकि रूस ने इस घोषणा पत्र को संतुलित बताया है। घोषणा पत्र में यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस की निंदा करने से परहेज किया गया।
G20 लीडर्स घोषणा पत्र में एक सर्वसम्मति घोषणा को अपनाया और रूस का नाम लिए बिना किसी भी क्षेत्र पर कब्जा करने के लिए बल का उपयोग नहीं करने का आह्वान किया गया।
यूक्रेन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ओलेग निकोलेंको ने G20 घोषणा पत्र को लेकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि इसमें रूस का उल्लेख नहीं किया गया है। उन्होंने G20 घोषणा पत्र के एक भाग का स्क्रीनशॉट एक्स पर पोस्ट किया। इसमें दिखाई दे रहा है कि घोषणा पत्र के कई हिस्सों को लाल रंग से हटा दिया गया और शब्दों को सही किया गया।
जी 20 समिट में रूस की शेरपा स्वेतलाना लुकाश ने कहा कि यह मंच के लगभग बीस साल के इतिहास में सबसे कठिन जी 20 शिखर सम्मेलन में से एक था। शिखर सम्मेलन से पहले घोषणा पर सहमति बनने में लगभग 20 दिन लग गए। यह न केवल यूक्रेन विषय को लेकर था, बल्कि सभी प्रमुख मुद्दों पर स्थिति में मतभेदों के कारण भी था।
रूस के मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि नई दिल्ली जी20 शिखर सम्मेलन एक सफल आयोजन है, क्योंकि यह हमें कई प्रमुख क्षेत्रों में आगे बढ़ने का रास्ता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जी20 के अध्यक्ष के रूप में भारत ने पहली बार ग्लोबल साउथ की स्थिति मजबूत की।