आप के घोषणापत्र में हो सकती है 'गैस'
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के घोषणापत्र में रिलायंस से जुड़े गैस कीमतों के मुद्दे को स्थान मिल सकता है क्योंकि इस नयी पार्टी ने संकेत दिया है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधने के लिए यह महत्वपूर्ण मुद्दों में शामिल होगा।
कांग्रेस के कमजोर पड़ने के बाद राजनीतिक स्थान को हासिल करने के लिए आप और भाजपा की जद्दोजहद में नई पार्टी आने वाले दिनों में नरेन्द्र मोदी को और अधिक निशाना बनाएगी।आप के एक नेता ने कहा कि अरविंद भाजपा और कांग्रेस दोनों को निशाना बना रहे हैं। पार्टी इसे बड़ा मुद्दा बनाएगी और इसके माध्यम से दोनों दलों को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेर सकेगी। पार्टी इसे घोषणापत्र में भी शामिल करेगी।उन्होंने कहा कि आप देखिएगा कि एक अप्रैल के बाद अरविंद और पार्टी किस तरह से इस विषय को उठाते हैं, जब गैस की नई दरें लागू होंगी। यह ऐसा मुद्दा है जिसका राष्ट्रीय स्तर पर महत्व है।