ओबामा को भी मोदी मंजूर!
Publish Date: Tue, 13 May 2014 (09:10 IST)
Updated Date: Tue, 13 May 2014 (09:09 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा भारत में नई सरकार के गठन को लेकर उत्सुक हैं और उन्होंने नई दिल्ली के साथ मिलकर काम करने का निश्चय दोहराया है।
ओबामा ने एक बयान में कहा कि चुनाव के परिणामों की घोषणा होने के बाद नई सरकार के गठन को लेकर तथा आने वाले वषरें को परिवर्तनकारी बनाने की खातिर भारत के नए प्रशासन के साथ मिल कर काम करने के लिए हम उत्सुक हैं।उल्लेखनीय है कि मतदान समाप्त होने के बाद कई एग्जिट पोल जारी किए गए जिससे संकेत मिलता है कि भाजपा की अगुवाई में राजग सरकार बनाएगा क्योंकि 16 मई को परिणामों की घोषणा होने पर पार्टी के, अपने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अकेले सबसे बड़े दल के तौर पर उभरने की संभावना है।पिछले एक दशक में देश पर शासन करने वाली कांग्रेस को करीब 100 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। निवर्तमान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इस साल के शुरू में ही घोषणा कर चुके हैं कि वह तीसरा कार्यकाल नहीं चाहेंगे।
भारत में सफल चुनाव पर क्या बोले ओबामा... अगले पन्ने पर...
भारत में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान सोमवार को समाप्त हुआ है और सफल चुनाव के लिए ओबामा ने भारत की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चुनाव संपन्न होने पर मैं भारत की जनता को बधाई देता हूं। भारत ने इतिहास में सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनाव संपन्न कर दुनिया के सामने एक उदाहरण पेश किया है... यह विविधता और स्वतंत्रता के हमारे साझा मूल्यों का जीवंत प्रदर्शन है।
संसद के करीब 543 सदस्यों को चुनने के लिए 50 करोड़ से अधिक भारतीय मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया और निर्वाचित संसद सदस्य नए प्रधानमंत्री का चयन करेंगे।
ओबामा ने अपने बयान में कहा कि पिछले दशकों के दौरान दोनों देशों के बीच पार्टी लाइन से हट कर मजबूत मित्रता विकसित हुई है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच पिछले दो दशकों के दौरान मजबूत मित्रता और व्यापक भागीदारी विकसित हुई है जिससे हमारे नागरिक और अधिक सुरक्षित तथा समृद्ध हुए हैं। इसके कारण, वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए मिलजुलकर काम करने की हमारी क्षमता भी बढ़ी है। (भाषा)
About Writer
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें