कांग्रेस ने भारत को बनाया ‘स्कैम इंडिया’ : मोदी
संत कबीर नगर , शुक्रवार, 2 मई 2014 (14:41 IST)
संत कबीर नगर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर जनता से वादाखिलाफी और एक से बढ़कर एक घोटाले करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि ‘जल, थल और नभ’ तक में गबन करने वाली इस पार्टी ने देश को ‘स्कैम इंडिया’ बना दिया।
मोदी ने भाजपा प्रत्याशी शरद त्रिपाठी के समर्थन में खलीलाबाद में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि कांग्रेस ने केंद्र में अपने 10 साल के शासनकाल में एक से बढ़कर एक स्कैम किए। जल हो थल हो या नभ हो... हर जगह लूट की... क्या यह लूट चलने देनी है? इन्होंने एक के बाद एक घोटाले किए और देश को ‘स्कैम इंडिया’ बना दिया।उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 के चुनाव घोषणापत्र में कांग्रेस ने कहा था कि वह 5 साल में 10 करोड़ नौजवानों को रोजगार देगी। मैं पूछना चाहता हूं कि यहां कितने नौजवानों को रोजगार मिला। आप बताएं यह धोखेबाजी है कि नहीं? आज का नौजवान रोजी-रोटी के लिए तरस रहा है। उसे काम चाहिए। 60 साल में कांग्रेस ने यह नहीं किया।मोदी ने दावा किया कि केंद्र में जब भाजपा की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार थी, तब उसने अपने 6 साल के कार्यकाल में साढ़े 6 करोड़ नौजवानों को रोजगार दिया था। ‘मां-बेटे’ की यह सरकार 10 साल में डेढ़ करोड़ लोगों को भी रोजगार नहीं दे पाई। (भाषा)