Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

एक व्यक्ति की बात नहीं करती कांग्रेस : राहुल गांधी

Advertiesment
हमें फॉलो करें लोकसभा चुनाव 2014
उधरबंद (असम) , बुधवार, 9 अप्रैल 2014 (18:36 IST)
FILE
उधरबंद (असम)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि कांग्रेस जन आधारित पार्टी है जबकि भाजपा इसके विपरीत एक व्यक्ति पर आधारित है।

गांधी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के विपरीत हमने कभी यह नहीं कहा कि किसी व्यक्ति विशेष को प्रधानमंत्री बनाइए, जो आपकी सभी समस्याओं को सुलझा सके। हमारे लिए राजनीति का मतलब जनता है और शक्ति उसी के हाथों में होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक चौकीदार क्यों होना चाहिए? जैसा वे (भाजपा) चाहते हैं। हम आपको (जनता को) देश का चौकीदार बनाना चाहते हैं। हिन्दुस्तान की चाबी किसी एक हाथ में नहीं, सबके हाथ में होनी चाहिए। राज्य में प्रचार के लिए तीसरी बार आए गांधी ने पूरे देश में ‘गुजरात मॉडल’ लागू करने का प्रयास करने के लिए भाजपा पर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि असम को गुजरात मॉडल की जरूरत नहीं। हमारे पास यहां असम मॉडल है और प्रत्येक राज्य का अपना मॉडल होना चाहिए। गुजरात में गरीब सपने नहीं देख सकते। सपने केवल अमीर ही देख सकते हैं लेकिन कांग्रेस के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सपने देखने का अधिकार है। गरीबों, श्रमिकों, किसानों को अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलने का सपना देखने का अधिकार है।

गांधी ने कहा कि विपक्ष महिलाओं को सुरक्षा मुहैया कराने और उन्हें सशक्त बनाने की बात करता है लेकिन ऐसा करने से उन्हें किसने रोका है। वह विपक्ष ही था जिसने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मुहैया कराने वाला महिला आरक्षण विधेयक संसद में पारित नहीं होने दिया।

गांधी ने भाजपा पर गुजरात में दंगा, महिलाओं के फोन टैप करने, महाराष्ट्र में उत्तरप्रदेश और बिहार के लोगों के साथ हिंसा में लिप्त रहने, बेंगलुरु में महिलाओं का नैतिक नियंत्रण तथा उनके नेताओं पर राज्य विधानसभाओं में अश्लील क्लिपिंग देखने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि राजग सरकार गरीबों, किसानों और श्रमिकों को भूल गई। वे जहां भी गए उन्होंने वहां पर परेशानी खड़ी की, क्योंकि उन्हें पता है कि देश में जब तक शांति रहेगी वे सफल नहीं होंगे। यद्यपि कांग्रेस का मानना है कि देश एक गुलदस्ते जैसा है, जहां विभिन्न विचार, भाषाएं, इतिहास, धर्म और संस्कृति फलती-फूलती हैं।

उन्होंने कहा कि हम सभी का सम्मान करते हैं और हमारे भीतर उनके लिए आदर है। विपक्षी नेताओं में बराक घाटी में स्थानीय भाषा बंगाली के लिए न तो सम्मान है और न ही उनमें स्थानीय संस्कृति की कोई समझ है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आपकी भाषा, इतिहास और संस्कृति का सम्मान करती है। कोई भी कहीं भी कोई भी भाषा बोल सकता है, कांग्रेस पार्टी सभी की पार्टी है, किसी एक क्षेत्र, भाषा, धर्म या जाति की नहीं।

गांधी ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि प्रत्येक व्यक्ति सशक्त बने। इसके लिए हमने पहले ही पंचायती राज व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण योजनाएं, खाद्य सुरक्षा कानून, काम की सुरक्षा और आजीविका का अधिकार शुरू किया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र में सत्ता में आने के बाद हम मुफ्त स्वास्थ्य देखभाल का अधिकार और गरीबों को मुफ्त दवा का अधिकार सुनिश्चित करेंगे। हमने इसे राजस्थान और महाराष्ट्र में सफलतापूर्वक आजमाया है। हम इसे देश के बाकी हिस्से में भी लागू करेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूत घर मुहैया कराकर आश्रय का अधिकार सुनिश्चित करेगी। इसके साथ ही हम दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता को जोड़ने वाला गलियारा बनाकर आजीविका का अधिकार सुनिश्चित करेंगे। इससे भारत विश्व की उत्पादन राजधानी बनेगा और करोड़ों युवकों को नौकरियां मिलेंगी। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi