गौतम गंभीर : खिलाड़ी नंबर 1
हिंदुस्तान में बहुत कम ऐसे यंग प्लेयर हैं जिन्होंने यह कर दिखाया है कि वे क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में बेहतर परफॉर्म कर सकें। इसकी ताजा कड़ी के रूप में गौतम गंभीर को टॉप पर रखा जा सकता है। आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में वे नंबर वन हैं। जिन दर्शकों ने श्रीलंका के खिलाफ पहले और दूसरे टेस्ट मैच में गंभीर को सेंचुरी मारते हुए देखा, वे बिना संकोच कह सकते हैं कि क्रिकेट के इस ट्रेडिशनल फॉर्म में गंभीर ने साबित किया है कि वे टिक कर आर्टिस्टिक क्रिकेट खेल सकते हैं। जिस तरह से उन्होंने श्रीलंका के फास्ट और स्पिन बॉलर्स का सामना करते हुए सेंचुरी मारी वह काबिले-तारीफ है। यह सेंचुरी इस मायने में महत्वपूर्ण है क्योंकि यह हाई प्रेशर में बनाई गई थी। यहाँ यह भी याद किया जा सकता है कि इस क्रिकेटर ने टी-ट्वेंटी जैसे फार्मेट में भी अपने को साबित किया है। यहाँ उनकी उस पारी को याद किया जा सकता है जब आईसीसी वर्ल्ड कप टी-ट्वेंटी में पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में शानदार 75 रन ठोके थे। यह भी हाई प्रेशन का मैच था। 14
अक्टूबर 1981 को दिल्ली में जन्मे इस प्लेयर ने सबसे पहले इंटरनेशनल वन डे में क्रिकेट खेलने की शुरुआत 2003 से की थी और इसके एक साल बाद ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। 2007 से वे टी-ट्वेंटी में भी खेलने लगे। यानी 2003 से लेकर 2007 के बीच क्रिकेट के तीनों फार्मेट में उन्होंने अपनी उपयोगिता भी सिद्ध की और अपनी खेल तकनीक से जताया कि वे तीन फार्मेट के माहिर खिलाड़ी हैं। इस टूर्नामेंट में उन्होंने तीन हॉफ सेंचुरी लगाई थी और यहीं से उनके करियर को एक नई उड़ान मिली थी। आईपीएल में डेयरडेविल्स दिल्ली से खेलते हुए भी उन्होंने कुछ अच्छी पारियाँ खेली औऱ उनकी कैप में एक कलगी यह भी लगी है कि उन्हीं की कैप्टनशिप में दिल्ली ने रणजी ट्राफी का खिताब जीता था। ऑस्ट्रेलिया में ट्रायएंगुलर सिरीज में दो हाई क्वालिटी सेंचुरी मारी थी और 2009 में न्यूजीलैंड के दौरे पर उन्होंने अपनी बैटिंग से हेमिल्टन टेस्ट जितवाया तो नेपियर में खेला गया टेस्ट मैच बचाने में योग दिया था। उनके रिकॉर्ड्स पर गौर करें तो, वह इम्प्रेसिव है। अब तक उन्होंने 27 टेस्ट मैचों में 2553 रन बनाए हैं और 206 उनका हाईयेस्ट स्कोर है। 86 वन डे में उन्होंने 2815 रन बनाए हैं और हाईयेस्ट स्कोर 150 रन है। 17 टी ट्वेंटी मैंचों में 476 बनाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उनकी 75 रनों की यादगार पारी उनका सबसे बड़ा स्कोर है।