Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

प्रियंका चोपड़ा : खूबसूरती और अभिनय का अनोखा संगम

वेबदुनिया डेस्क

Advertiesment
हमें फॉलो करें प्रियंका चोपड़ा : खूबसूरती और अभिनय का अनोखा संगम
प्रियंका चोपड़ा फिल्म जगत का एक जाना माना नाम, जिन्होंने अपने दमदार अभिनय से लाखों-करोड़ों लोगों का दिल जीता। एक खूबसूरत मुस्कुराहट, आकर्षक व्यक्तित्व और गजब की प्रतिभा की मालकिन पूर्व विश्व सुंदरी प्रियंका चोपड़ा आज कई युवाओं के दिलों पर राज कर रही हैं।

PR


कई युवतियां उन्हें अपना आइडियल मान कर उनके जैसी ही बनना चाहती हैं। फिल्म फैशन, ऐतराज और सात खून माफ में अपने अभिनय से प्रियंका ने न केवल बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस की लिस्ट में अपनी जगह बनाई बल्कि आलोचकों को खुश करने में भी कामयाब रहीं।

प्रियंका ने कई चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं की हैं और आज वे बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रैस में शामिल हैं। उनकी मेहनत और काम के प्रति उनके डेडिकेशन के चलते फिल्म दर फिल्म उनका अभिनय निखरता चला गया। प्रियंका काफी मेहनती हैं और उन्हें अपने आप को बिजी रखने और ज्यादा काम करने से भी कोई परहेज नहीं है।

अपनी खूबसूरत स्माइल के लिए मशहूर इस बॉलीवुड हसीना का जन्म 18 जुलाई 1982 को जमशेदपुर, झारखंड में हुआ। प्रियंका के पिता का नाम डॉ. अशोक चोपड़ा और उनकी मां का नाम डॉ. मधु चोपड़ा है। पेशे से दोनों ही डॉक्टर हैं। प्रियंका के पिता आर्मी में डॉक्टर थे जिस वजह से प्रियंका का बचपन कई जगह बीता।

प्रियंका ने अपने बचपन के शुरुआती दिन बरेली, उत्तरप्रदेश में बिताए हैं। उनके यूएस जाने से पहले उनकी स्कूली शिक्षा लखनऊ के ला मार्टिनियर गर्ल्स स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने मेसाचुसेट्स के न्यूटन नॉर्थ हाई स्कूल और उसके बाद सिडार रेपिड, लोवा के जॉन एफ कैडनी हाई स्कूल से अपनी आगे की पढ़ाई की।

साल 2000 में वापस भारत लौटने पर उन्होंने मुंबई के जय हिंद कॉलेज में दाखिला लिया, लेकिन वे अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सकी क्योंकि उसी साल उन्होंने मिस इंडिया प्रतियोगिता में मिस इंडिया वर्ल्ड और मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में मिस वर्ल्ड 2000 का ताज पहना। मिस वर्ल्ड बनते ही उनके नाम की चर्चा सभी तरफ होने लगी और बाकी विश्व सुंदरियों की तरह बॉलीवुड के दरवाजे उनके लिए भी खुल गए।

मिस वर्ल्ड के खिताब ने उन्हें नई पहचान दिलाई जिसे उन्हें बॉलीवुड में आकर और संवारा। यह खिताब जीतने से पहले प्रियंका छोटी-मोटी मॉडलिंग किया करती थीं।

2000 की इस विश्व सुंदरी ने फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत तमिल फिल्म थामिजान से की। बॉलीवुड में अपने कैरियर की शुरुआत उन्होंने फिल्म द हीरो : एक जाजूस की प्रेम कहानी से की। बस तभी से प्रियंका ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और समय के साथ साथ वे अपनी अभिनय कला भी निखारती चली गईं। फिल्म अंदाज में उनके अभिनय के लिए उन्हें फिल्म फेयर के सर्वश्रेष्ठ नवोदि‍त कलाकार के अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है।

फिल्म ऐतराज में उनके द्वारा निभाए गए विलेन के किरदार को दर्शकों के साथ-साथ आलोचकों की भी काफी प्रशंसा मिली और इसके लिए उन्हें फिल्म फेयर का सर्वश्रेष्ठ खलनायिका का अवॉर्ड दिया गया। अधिकांश अभिनेत्रियां जहां नकारात्मक किरदार नहीं निभाना चाहतीं वहीं प्रियंका ने अपने कैरियर के शुरुआती समय में ही ऐसा चैलेंजिंग रोल प्ले कर साबित कर दिया कि वे एक बेहतरीन अदाकारा बनने की काबिलियत रखती हैं।

उनके इसी बेहतरीन अभिनय क्षमता की झलक हमें फिल्म फैशन और सात खून माफ में भी देखने को मिली है। फैशन में उनके द्वारा किया गया अभिनय इतना दमदार था कि इसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अदाकारा के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

विवाद और आलोचनाएं ‍तो हर स्टार की लाइफ का खास हिस्सा रही हैं तो फिर प्रियंका इससे कैसे बच जातीं। उन्हें भी कई विवादों और आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, लेकिन इससे उनके काम के प्रति जुनून और जज्बे को कोई फर्क नहीं पड़ा। वे पहले की तरह ही अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ती रहीं।

प्रियंका को अपने लुक्स में फेर बदल करना काफी पसंद है। वे अक्सर अपने लुक्स में बदलाव करती रहती हैं और इस कारण से भी वे कई लड़कियों की फैशन आइडियल भी बन चुकी हैं और इतना ही नहीं आज अधिकांश लड़कियां चाहती हैं कि उनकी मुस्कान भी प्रियंका जैसी ह‍ी हो।

हमारे साथ WhatsApp पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
Share this Story:

वेबदुनिया पर पढ़ें

समाचार बॉलीवुड ज्योतिष लाइफ स्‍टाइल धर्म-संसार महाभारत के किस्से रामायण की कहानियां रोचक और रोमांचक

Follow Webdunia Hindi