Publish Date: Fri, 22 Dec 2017 (14:07 IST)
Updated Date: Fri, 22 Dec 2017 (14:52 IST)
गुजरात में भाजपा का आंकड़ा 100 हो गया है, हालांकि वह 99 के फेर से अब भी बाहर नहीं आई है। दरअसल, 100 के इस आंकड़े पर भाजपा एक निर्दलीय विधायक के समर्थन से पहुंची है।
उल्लेखनीय है कि पिछले कई चुनावों में भाजपा का यह सबसे कमजोर प्रदर्शन है। 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 99 सीटें ही हासिल कर पाई।
लुनावाड़ा के निर्दलीय विधायक रतनसिंह राठौड़ ने भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की है। इस समर्थन के साथ ही विधानसभा में भाजपा का आंकड़ा 100 हो जाएगा। हां, यदि भविष्य में राठौड़ भाजपा में शामिल हो जाएंगे तो जरूर वह 99 के फेर से बाहर आ जाएगी।
रतनसिंह ने 21 दिसंबर को राज्यपाल ओपी कोहली को गुजराती में लिखे पत्र में कहा है कि मैं विधानसभा चुनाव में लुनावाड़ा विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुना गया हूं। मैं भाजपा को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा करता हूं।
इस सीट पर कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के रिश्तेदार प्रारंजयादित्यनाथ सिंह परमार थे। उनके खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवारी करने पर कांग्रेस ने राठौड़ को पार्टी से निकाल दिया था। हालांकि इस सीट पर परमार तीसरे नंबर पर रहे थे। राठौड़ ने कहा कि वह विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा को समर्थन दे रहे हैं।