Publish Date: Thu, 14 Dec 2017 (10:55 IST)
Updated Date: Thu, 14 Dec 2017 (11:09 IST)
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा ने गुरुवार को गांधीनगर के आर्यभट्ट हाई स्कूल में स्थित मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। उनके साथ उनके छोटे पुत्र पंकज मोदी और परिवार के अन्य सदस्य भी थे।
प्रधानमंत्री की मां ने अपना वोट डालने के बाद मतदान केंद्र के बाहर खड़े मीडियाकर्मियों को स्याही लगी हुई अंगुली दिखाई। उनकी उम्र 90 वर्ष के करीब है।
उन्होंने मतदान केंद्र से बाहर आते हुए संवाददाताओं से कहा कि भगवान गुजरात का कल्याण करें। वह उन मतदाताओं में से एक हैं जिन्होंने मतदान शुरू होने के बाद जल्दी ही अपना वोट डाला। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल भी शामिल हैं।
पटेल ने अहमदाबाद के घाटलोदिया विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला, जहां से वह विधायक हैं। वह इस बार चुनाव नहीं लड़ रही हैं।
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज उत्तर और मध्य गुजरात की 93 सीटों पर मतदान चल रहा है। आज के चुनाव में करीब 2.22 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे। दूसरे चरण के चुनाव के लिए कुल 851 उम्मीदवार मैदान में हैं।
यह चुनाव प्रधानमंत्री मोदी के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई के तौर पर देखा जा रहा है और कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व के लिए परीक्षा है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 115 सीटें जीती थी जबकि कांग्रेस ने 61 सीटों पर जीत दर्ज की थी। मतगणना 18 दिसंबर को की जाएगी।