Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

गुजरात विधानसभा चुनावों का ऐलान, 1 और 5 दिसंबर को वोटिंग, 8 को काउंटिंग

हमें फॉलो करें गुजरात विधानसभा चुनावों का ऐलान, 1 और 5 दिसंबर को वोटिंग, 8 को काउंटिंग
, गुरुवार, 3 नवंबर 2022 (14:53 IST)
नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने गुरुवार को गुजरात विधानसभा चुनावों का ऐलान कर दिया। राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए 2 चरणों में 1 और 5 दिसंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती हिमाचल प्रदेश के साथ ही 8 दिसंबर को होगी। गुजरात की कुल 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण में 89 सीटों पर और दूसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान होगा।

राजीव कुमार ने कहा कि प्रथम चरण के मतदान के लिए अधिसूचना 5 नवंबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 14 नवंबर और नाम वापस लेने की तारीख 17 नवंबर होगी। मतपत्रों की जांच 15 नवंबर को होगी। दूसरे चरण के लिए अधिसूचना 10 नवंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 नवंबर और नाम वापस लेने की तारीख 21 नवंबर होगी। मतपत्रों की जांच 18 नवंबर को होगी।
 
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि इस बार गुजरात विधानसभा चुनाव में तीन लाख 24 हजार 422 नए मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। कुल मतदान केंद्रों की संख्या 51 हजार 782 है। राज्य में स्थापित मतदान स्थलों में से कम से कम 50 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
 
उन्होंने कहा ‍कि राज्य में कुल मतदाता 4.9 करोड़ हैं। राज्य में 142 आदर्श मतदान केन्द्र होंगे। 182 मतदान केन्द्र दिव्यांगों के लिए और 1274 मतदान केन्द्र महिलाओं के लिए बनाये जाएंगे।
 
webdunia
भाजपा ने गुजरात में पिछले 6 विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 99 सीट जीती थीं जबकि कांग्रेस को 77 सीट मिली थीं। प्रतिशत के लिहाज से देखा जाए तो उस चुनाव में भाजपा को 49.05 प्रतिशत मत मिले थे जबकि कांग्रेस को 42.97 प्रतिशत मत मिले थे।

पिछले विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के कई विधायक भाजपा में शामिल हो गए। इस वजह से विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर 111 हो गई जबकि कांग्रेस के सदस्यों की संख्या घटकर 62 पर पहुंच गई।
 
webdunia
इस बार के विधानसभा चुनाव में दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी भी अपना दमखम दिखाने जा रही है। पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब तक दर्जनों बार वहां का दौरा कर चुके हैं।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पिछले कुछ समय से गुजरात और हिमाचल प्रदेश का दौरा करते रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में उन्होंने गुजरात में सैकड़ों करोड़ रुपयों की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है।
Edited by : Nrapendra Gupta (एजेंसियां)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

गुजरात विधानसभा चुनाव में जीत के दावों के बीच क्या फंंसेगा बहुमत का संकट?