Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

चुनाव प्रचार से क्यों गायब हैं राहुल गांधी, अशोक गहलोत ने दिया जवाब

हमें फॉलो करें चुनाव प्रचार से क्यों गायब हैं राहुल गांधी, अशोक गहलोत ने दिया जवाब
, बुधवार, 9 नवंबर 2022 (11:52 IST)
शिमला। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को एक सवाल के जवाब में कहा कि राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनावों में प्रचार करें या नहीं करें, लेकिन वह जिन मुद्दों को लेकर 'भारत जोड़ो यात्रा' पर निकले हैं वो आम जनता से जुड़े है और उनका संदेश घर-घर तक पहुंच रहा है।
 
उन्होंने कहा कि गुजरात में प्रचार के लिए राहुल गांधी की की मांग बहुत है, लेकिन वह एक लंबी यात्रा पर निकले हैं। वह जाएं या न जाएं, लेकिन वो जिन मुद्दों को लेकर चल रहे हैं, वही जनता के मुद्दे हैं।
 
गहलोत ने दावा किया कि राहुल गांधी में वो पूरा दमखम है कि वह अगले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दे सकें, लेकिन चेहरे का फैसला तमाम विपक्षी पार्टियां मिलकर करेंगी।
 
गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक गहलोत ने कहा कि आम आदमी पार्टी लोगों को भ्रमित कर रही है, लेकिन गुजरात में कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने यह दावा भी किया कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।
 
webdunia
गहलोत ने कहा कि दोनों राज्यों में सरकार विरोधी लहर है। कांग्रेस तेज गति से आगे बढ़ रही है। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होने वाला है, मुझे विश्वास है कि कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उनका कहना था कि गुजरात में अभी चुनाव की घोषणा हुई है। हमारी वहां पांच यात्राएं निकली हैं, जो 175 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी हैं। मुझे उम्मीद है कि हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
 
गुजरात में आम आदमी पार्टी के असर से जुड़े सवाल पर राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी सिर्फ लोगों को भ्रमित कर रही है। मीडिया को उसने कैपचर कर रखा है। इसके अलावा कुछ नहीं है।
 
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश की सभी 68 सीटों पर 12 नवंबर को मतदान होगा। गुजरात की कुल 182 विधानसभा सीटों में से पहले चरण में 89 सीटों पर एक दिसंबर को चुनाव होगा तथा शेष 93 सीटों पर पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। दोनों राज्यों में आठ दिसंबर को मतगणना होगी।
 
गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी कई राज्यों में नहीं जा पा रहे हैं क्योंकि उनकी यात्रा का एक रूट बना हुआ है। बिना किसी कारण इसे मुद्दा बनाने का प्रयास हो रहा है, लेकिन वो मुद्दा नहीं बनेगा। राहुल गांधी का जो उद्देश्य है, वो कामयाब हो रहा है।
Edited by : Nrapendra Gupta (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

क्या हिमाचल में बदलेगा 37 साल पुराना इतिहास? आसान नहीं है पहाड़ी राज्य में भाजपा की राह