Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

नवगीत: क्यों बसंत गीत गाते हो

Advertiesment
हमें फॉलो करें Poem
webdunia

तृप्ति मिश्रा

क्यों बसंत गीत गाते हो
झूठा यह गान सुनाते हो

खो गयी कहीं है कोयलिया
क्या तुमको है ये भास हुआ
सूखे पोखर और पनघट
अब सपनों सा मधुमास हुआ
आडंबर के सेल्फी लेते
क्यों मंदिर को जाते हो
क्यों बसंत गीत गाते हो
झूठा यह गान सुनाते हो

कंक्रीट के खेतों के बीच
अब सरसों भी इतिहास हुआ
दो नावों में पैर रखे
सत्ताओं का है रास हुआ
झांझ मंजीरों से सलाम
क्यों दर पे इनके बजाते हो
क्यों बसंत गीत गाते हो
झूठा यह गान सुनाते हो

 
जो पेड़ नहीं अब आमों के
तो बौर कहां से आएंगे
उद्दंड हुआ जब युवा लहू
संस्कार कहां को जाएंगे
उघाड़ के संस्कृति से लज्जा
क्यों नगरवधू उसे बनाते हो
क्यों बसंत गीत गाते हो
झूठा यह गान सुनाते हो

जो हाथ नहीं अब थापों के
वो मांदल कैसे बजायेंगे
हुए शुष्क जो चित्त घने
अपनापन कैसे जताएंगे
चुभते सम्बन्धो की धूप को
क्यों वासंती भोर बतलाते हो
क्यों बसंत गीत गाते हो
झूठा यह गान सुनाते हो

संक्षिप्त परिचय: समकालीन साहित्यकारों में सामाजिक विडम्बनाओं को उजागर करती लेखनी के लिए जानी जाने वाली, महू मध्यप्रदेश की लेखिका एवं कवियित्री तृप्ति मिश्रा साहित्य के साथ लोकगायन को भी संरक्षित कर रही हैं। साथ ही 17 से अधिक वर्षों से मिट्टी के गणेश पर निःशुल्क कार्यशालाएं करती आई हैं। अपने कार्यों के लिए इन्होंने अनेक सम्मान प्राप्त किये हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

वसंत पंचमी का महत्व : विद्या की देवी सरस्वती से लीजिए शांत और पवित्र मन की प्रेरणा