Hindi Poems %e0%a4%87%e0%a4%a4%e0%a4%a8%e0%a5%87 %e0%a4%ae%e0%a5%80%e0%a4%a0%e0%a5%87 %e0%a4%ae%e0%a4%a4 %e0%a4%ac%e0%a4%a8%e0%a5%8b 110121700064_1.htm

Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

इतने मीठे मत बनो

दोहे

Advertiesment
दोहे
इब्राहीम 'अश्क'
दो मिसरों का खेल है, लिख दे इक इतिहास
है दोहे के फूल में, सदियों की बू-बास

होवे फिक्र 'कबीर' की 'खुसरो' जैसा ज्ञान
'मीरा' 'सूर' 'रहीम' है, दोहे की पहचान

चिड़िया बैठ मुँडेर पे, बोले मीठे बोल
सुन बनिये इस बोल का, कर सकता है मोल

नई सदी है सामने, कितने नए सवाल
आँखें तकती रह गई, इतने उठे बवाल

इतने कड़वे मत बनो, पास न कोई आए
इतने मीठे मत बनो, दुनिया चट कर जाए

बरगद जैसी छाँव में, मिला बुद्ध का ज्ञान
इक साया मिल जाए तो, मिले मुझे निर्वाण

खेत, कुएँ, खलिहान की, हमसे पूछो बात
लगी हवा जो शहर की, बदल गए देहात

कल क्या थी क्या हो गई, बस्ती की तस्वीर
दंगे भी लिखने लगे, शहरों की तकदीर

अपनी करनी आप ही, करती है बेहाल
डसने वाला नाग भी, होवे आप निढाल

रूप, रुपय्या, राज का, कितने रोज गरूर
इक दिन ये सब आईने, हो जाते हैं चूर

जिसमें जितना हौंसला, उतनी ही परवाज
पंछी जब उड़ने लगे, खुल जाएँ सब राज

शर्म, हया, अखलाक ही, औरत का श्रृंगार
नीची हो नजरें भले, ऊँचा हो किरदार

इन्सानों की भीड़ में, हर कोई अनजान
गुण हैं तेरे पास तो, पैदा कर पहचान

घर-घर में अब आग है, बाहर है कुहराम
ऐसे में इस देश का, क्या होगा अंजाम?

ऊँचा तुझे उड़ाएगा, तेरा ही विश्वास
मिट्टी है तो क्या हुआ, छू उड़के आकाश

मंजिल-मंजिल क्या करे, मंजिल पीछे छोड़
ढूँढे हर मंजिल तुझे, इतना आगे दौड़।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi