Hindi Poems %e0%a4%8f%e0%a4%95 %e0%a4%90%e0%a4%b8%e0%a5%80 %e0%a4%ac%e0%a4%b9%e0%a5%82 %e0%a4%9a%e0%a4%be%e0%a4%b9%e0%a4%bf%e0%a4%8f 109031200069_1.htm

Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

एक ऐसी बहू चाहिए

Advertiesment
बहू
पवन कर
NDND
हमें अपने इकलौते लड़के के लिए
एक ऐसी बहू चाहिए
जो दुनिया की सबसे अच्छी बहू हो
और उसे ये बात
कि वह दुनिया की सबसे अच्छी बहू है
पता न हो।

जिसे बोलना भले ही आता हो
मगर हो वह गूँगी
' न' इस शब्द को पहचानती ही न हो
और 'हाँ' उसकी जुबान पर
दरवाजे के बाहर हाथ बाँधे खड़े
नौकर की तरह हो खड़ा।

जिसके दोनों पैर तो साबुत हों
मगर हो वह लँगड़ी
न वह चलना जानती हो न दौड़ना
नाचना तो उसे बिलकुल न आता हो
और गुस्से में पैर पटकते तो
उसे किसी ने देखा ही न हो।

जिसके कान भले ही हों
मगर उसे सिर्फ
हमारे घर के लोगों की आवाज के,
बाहर की कोई आवाज सुनाई न दे

आँखें होने पर
उनसे दूर तक
देखने लायक होने के बाद भी
उसकी घर से बाहर
देखने की इच्छा ही न हो।

जिसके पास डिग्रियाँ तो खूब हों
लेकिन वह पढ़ी-लिखी न हो जरा भी
दस्तखत करने के नाम पर
वह आगे कर देती हो
अपने हाथ का स्याही लगा अँगूठा
और अपनी डिग्रियों को
महज कागज के टुकड़े मानकर।

खूबसूरत ऐसी कि
सब उसे देखते रह जाएँ
और हमसे बार-बार कहें
अपने लड़के के लिए
क्या बहू ढूँढकर लाए हैं आप

लेकिन वह न तो अपनी खूबसूरती
बार-बार
आईने में देखती हो
और न ही खुद को हमारे घर की
साधारण चेहरे वाली लड़कियों से
अधिक सुंदर मानकर चले।

जिसके पिता के घर के लोग
हमारे घर को समय से बढ़कर
और सच से अधिक मानकर चलें
और यह बात बार-बार कहते रहें
आपके घर में अपनी लड़की देकर
धन्य हो गए हम
हम तो इस लायक थे भी नहीं।

जिसे रोना बिलकुल न आता हो
चीखना तो वह जानती ही न हो
और उसकी पीठ ऐसी हो कि
उस पर उभरते ही न हों नीले निशान
उसके गालों पर छपती ही न हों उँगलियाँ
और वह पिटते समय बिलखती नहीं, हँसती हो।

webdunia
NDND
चेहरे से जिसके पीड़ा झलके नहीं
दुःख दिखाई न दे जिसकी आँखों में
बातों में जिसकी कष्ट बजें नहीं।

जिसे हमें ढूँढने कहीं जाना न पड़े,
उसका पिता
नाक रगड़ता निहोरे करता हमारे घर आए
और हम उस पर करते हुए एहसान
बहू के रूप में उसकी बेटी को
अपने बेटे के लिए रख लें।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi