Publish Date: Thu, 27 Feb 2025 (07:10 IST)
Updated Date: Mon, 03 Mar 2025 (12:57 IST)
Holi Anokhi Parampara : भारत त्योहारों का देश है और होली का त्योहार यहां के लोगों में विशेष रूप से लोकप्रिय है। रंगों का यह त्योहार पूरे देश में विविधता के साथ मनाया जाता है यही एक ऐसा त्यौहार है जब लोग ऊंच-नीच का भेद बुलाकर एकता और भाईचारा के रंग में रंग जाते हैं। पूरे देश में होली पर कई रोचक परंपराएं भी देखने को मिलती हैं।
आज हम आपको होली की ऐसी विचित्र और रोचक परम्पराएं बता रहे हैं, जिन्हें सुनकर आपको भी यकीन हो जाएगा कि भारत को परम्पराओं के लिए समृद्ध देश क्यों कहा जाता है। आइए, जानते हैं होली की रोचक परम्पराएं।
होली पर शादी की रजामंदी लेने का अनोखा तरीका
होली पर मध्य प्रदेश के एक विशेष समुदाय में लोकप्रिय यह अनोखी परंपरा अपने आप में बहुत विचित्र है। इस दिन लड़के अपनी पसंद की लड़की से शादी की मंजूरी लेने के लिए मांदल नाम का वाद्य यंत्र बजाता है। साथ ही नाचते हुए उसे गुलाल लगा देता है। अगर लड़की को वो लड़का पसंद होता है, तो लड़की भी जवाब में उस लड़के को गुलाल लगा देती है। इसके बाद दोनों भाग कर शादी कर लेते हैं। यह परंपरा अपने आप में बहुत अनोखी और अनूठी है।
पत्थर मार होली
राजस्थान के बांसवाड़ा और डूंगरपुर में आदिवासी बहुल क्षेत्र में एक-दूसरे पर पत्थर फेंककर होली खेली जाती है। यह परम्परा बहुत ही अजीब नहीं बल्कि खतरनाक भी है। इस होली में कई लोगों को चोट भी आ जाती है। पत्थर मार होली से एक और मान्यता जुड़ी हुई है कि अगर किसी को चोट लगती है, तो इसे अच्छा संकेत माना जाता है कि उस व्यक्ति को होलिका देवी का आशीर्वाद मिला है।
होली पर जलते अंगारे फेंकने की परंपरा
होली पर गुलाल, रंग और गुब्बारे फेंककर मारने की परम्परा तो पूरे देश में है लेकिन अगर हम आपसे कहें कि एक जगह ऐसी भी है जहां लोग होली पर एक दूसरे पर घर फेंकते हैं तो क्या आप विश्वास करेंगे?। मध्यप्रदेश के मालवा गांव में होली के दिन एक-दूसरे पर जलते हुए अंगारे फेंके जाते हैं, जिससे बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते हैं। ऐसी होली खेलने के पीछे एक धारणा यह है कि अंगारे फेंकने से होलिका राक्षसी का पूरी तरह से नाश हो जाता है। अंगारे से होली खेलने का चलन गोवा, कर्नाटक में भी है।
होली पर मायके से भेजी जाती है स्पेशल रोटी
हिमाचल प्रदेश में होली और रोटी की एक अनोखी परम्परा देखने को मिलती है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुकेत इलाके में होली पर बहन-बेटी के लिए स्पेशल रोटियां बनाई जाती हैं। रोटियों में केसर, पिस्ता, अखरोट का भी इस्तेमाल किया जाता है। होली पर स्पेशल रोटियां बनाकर बहन-बेटियों के ससुराल में भेजी जाती है। मान्यता है कि जमीन में उगी फसल का एक हिस्सा बेटियों को भेजने से मायके में कभी भी धन-धान्य की कमी नहीं होती।
WD Feature Desk
Publish Date: Thu, 27 Feb 2025 (07:10 IST)
Updated Date: Mon, 03 Mar 2025 (12:57 IST)