Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

कैसा हो बच्चों का कमरा

Advertiesment
हमें फॉलो करें बच्चों का कमरा
- मधुलिका चौधरी
WDWD
बच्चों की निराली दुनिया को सजाने के लिए उनके कमरे को बहुत सुंदर तरीके से सजाया जा सकता है। इनके लिए आवश्यकता है कुछ टिप्स की जो हम आपको इस आलेख के द्वारा बता रहे हैं।

पहले अपने बच्चों की रूचियों को जानें। उनसे इस बारे में बात करें, उनकी पसंद के रंग, आकार व कल्पनाओं को जानें। रूचियाँ जानने के बाद यह तय करें कि कमरे में उसे सारी सुविधाएँ उपलब्ध हो। कमरे में इस्तेमाल की जाने वाली वस्तुओं का उपयोग कम से कम 4-5 साल तक हो सके क्योंकि बच्चे बहुत जल्दी बड़े होते हैं।

* सामान्यतः बच्चों के कमरे में एक आरामदायक बिस्तर होना चाहिए, इसे आप कार्टून बनी हुई चादर से सजा सकते हैं। आजकल बाजार में बहुत सी रंगबिरंगी चादरें उपलब्ध हैं। बिस्तर को आप स्टफ्ड खिलौने से सजा सकते हैं।

* बच्चे स्टफ्ड खिलौने बहुत पसंद करते है और बिस्तर पर इनकी मौजूदगी इन्हें सुरक्षा का एहसास भी प्रदान करती है।

* पढ़ाई, बच्चों के दिनचर्या में शामिल है अतः एक स्टडी टेबल का होना अति आवश्यक है। इस टेबल का रंग कमरे की दीवार से मिलता-जुलता होना चाहिए। जैसे अगर कमरे का रंग हलका नीला है तो टेबल का रंग भी नीला होना चाहिए। यह संयोग बहुत सुंदर दिखता है।

स्टडी टेबल पर एक खूबसूरत-सा लैम्प रखा जा सकता है जो टेबल की शोभा तो बढ़ाएगा ही और साथ ही कमरे की खूबसूरती में भी चार चाँद लगा देगा। इस टेबल के ऊपर बच्चों की किताबें रखने के लिए एक शेल्फ बनाएँ ताकि किताबें रखने और निकालने में सुविधा रहे। इस टेबल के साइड में एक डस्टबिन जरूर रखें। यहाँ आप ज्ञानवर्धक पोस्टर भी लगा सकती हैं।

* बच्चों के कमरे में एक कोना खेलने के लिए रखें। यहाँ पर आप खूबसूरत व रंगबिरंगा टेन्ट लगा सकती हैं। बच्चों के लिए यह एक निराली चीज है इसमें खेलने में उन्हें बहुत मजा आएगा। कमरे के कोने में एक टब रखें जिसमें बच्चा खेलने के बाद अपने खिलौने सहेज कर रख सके।

* अगर आपका बच्चा कलाकार है तो आप उसके कमरे में दीवार के निचले हिस्से में ब्लेकबोर्ड पेंट करवा सकते हैं। कमरे की दीवार पर खूबसूरत से कार्टून पोस्टर या कार्टून बनाए जा सकते हैं। बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृति भी दीवारों पर टांगी जा सकती है। यह चित्रकला आपके बच्चें को खुशी प्रदान करने के साथ-साथ उसे उत्साहित भी करेगी और उसका मनोबल बढ़ाएगी। जब उसका उत्साह बढ़ेगा तो वह और अच्छा करने के लिए लालायित रहेगा।

* बच्चों के कमरे की छत पर आजकल 'ग्लो' सितारे लगाने का चलन है। कमरे में अंधेरा होने पर यह सितारे चमकते हैं। और रात को सोते समय यह बहुत आकर्षक दिखते हैं। मानो आपके बच्चों को सितारों की दुनिया में ले जाने के लिए तैयार खड़े हों। इनसे कमरे को जरूर सजाइए।

* बच्चों के कमरे में एक अलमारी भी होना चाहिए। ताकि इसमें उनके कपड़ों को व्यवस्थित ढंग से रखा जा सके। आप अपने बच्चों को यह भी सिखाएँ कि अलमारी में कपड़ों को किस तरह व्यवस्थित रखा जाता है। बच्चों के कमरे में परदे भी चटकीले और रंगबिरंगे होने चाहिए।

* घड़ी किसी भी कमरे में एक आवश्यक वस्तु है। आजकल बहुत सुंदर घड़ियाँ मिलती हैं विशेष रूप से बच्चों की घड़ियों पर डिज़नी कार्टून चित्र बने होते हैं। ऐसी ही एक घड़ी से बच्चों के कमरे को और भी आकर्षक बनाया जा सकता है।

* इसके साथ ही बच्चों के कमरे के लिए आप कोई थीम सोच सकते हैं। जैसे एक ही रंग की सभी वस्तुएँ, ज्यामितिय आकृतियाँ, कार्टून पात्र, प्रकृति, फूल, तितलियाँ इत्यादि। एक कम्प्यूटर, टेप रिकार्डर व छोटा टी.वी. भी यहाँ रखा जा सकता है। बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के कैसेट्स और सीडीज भी बाजार में उपलब्ध हैं।

इस तरह आप अपने बच्चों को एक रंगबिरंगी दुनिया दे सकते हैं जो उसे खुशी व आशावादी माहौलदे सके और उनका मानसिक विकास एक प्रसन्नचित्त तथा उत्साहित बच्चे की तरह हो।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi