Home Interior %e0%a4%ac%e0%a4%b9%e0%a5%81%e0%a4%a4 %e0%a4%b9%e0%a4%b8%e0%a5%80%e0%a4%a8 %e0%a4%b9%e0%a5%88 %e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%b0%e0%a4%be %e0%a4%98%e0%a4%b0 110120100059_1.htm

Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

बहुत हसीन है मेरा घर

Advertiesment
हमें फॉलो करें बहुत हसीन है मेरा घर
- पारुल जैन

ND
कई बार ऐसा भी होता है कि हम जिस घर में रहते हैं वह हमें पसंद नहीं होता। कभी हमें उसका किचन छोटा लगता है तो कई बार उसका फर्श हमें अच्छा नहीं लगता। पर हम चाह कर भी अपने घर को बदल नहीं पाते या उसमें मन मुताबिक फेरबदल नहीं करवा पाते।

भई, आजकल के जमाने में नया घर लेना कोई आसान बात तो है नहीं और ऐसे में कई बार हम दूसरों के बड़े और खूबसूरत घर को देख कर अपनी किस्मत को कोसने लगते हैं।

अगर आप भी अपने घर के बारे में इस तरह की सोच रखती हैं तो फौरन अपनी सोच बदल दीजिए क्योंकि एक बात तो तय है कि घर उसमे रहने वाले लोगों से बनता है, वरना वह मकान ही रहता है। आपका घर चाहे वह आपका अपना है या किराये का, वह आपका घर है।

फिर चाहे उसका किचन छोटा है या उसका फर्श अच्छा नहीं है पर सबसे बड़ी बात यह है कि वह आपका घर है। आप और आपके परिवार ने मिलकर उसे मकान से घर बनाया है। यह घर आपके जीवन के खट्टे-मीठे पलों का साक्षी है। इस घर में आप अपना जीवन बिता रही हैं, इसलिए अपने घर को प्यार करें।

इस विषय पर 30 वर्षीय सोनी कहती है कि मेरा घर तीसरी मंजिल पर है और मुझे तीसरी मंजिल तक सीढ़ियों से चढ़ना बहुत अखरता था। मैं जब भी किसी का घर ग्राउंड फ्लोर पर देखती हूँ तो मन ही मन अपने घर को कोसने लगती हूँ। मैं रोज अपने पति से इस बात की शिकायत करती थी कि हमारा घर तीन मंजिल चढ़ कर क्यों हैं?

webdunia
ND
क्या हम ग्राउंड फ्लोर का घर नहीं ले सकते? फिर एक दिन मेरे पति ने मुझसे कहा कि तुम बहुत खुशकिस्मत हो कि भले ही तीन मंजिल पर ही सही पर तुम्हारे पास अपना घर तो है वरना दिल्ली में ऐसे कितने लोग हैं जो तीसरी मंजिल के घर में भी किराये पर रहते है। उनकी ये बात सुनकर मुझे अपनी गलती का अहसास हुआ और मैंने उनसे शिकायत करनी छोड़ दी।

इसी तरह 45 वर्षीय साधना कहती है कि मैं अकसर जब भी अपने किसी ऐसे परिचित के घर जाती थी जिनका घर बड़ा और खूबसूरत है तो मुझे अपना दो कमरों का छोटा-सा घर याद आ जाता और उनके घर से वापिस आते-आते मेरा मूड खराब हो जाता था और मैं अपनी किस्मत को कोसने लगती थी। फिर एक दिन मेरे पति मुझे अपने एक दोस्त के घर ले गए।

मेरे पति के दोस्त का सिर्फ एक कमरे का बहुत ही छोटा और साधारण-सा घर था जिसमें वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहे थे। उस दिन मुझे अपने दो कमरों के घर की कीमत समझ आई और उस दिन से मैंने अपनी किस्मत को कोसना बंद कर दिया। अब मैं अपने घर से बहुत प्यार करती हूँ।

मकान हर व्यक्ति की बेसिक जरूरत है इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता परंतु यह जरूरी तो नहीं कि सभी के पास बड़ा और सुंदर मकान हो। इसलिए बड़े मकान की उम्मीद जरूर रखें पर अब जिस मकान में आप रह रहे हैं उसकी कीमत को भी समझें और उसमें खुश रहने की कोशिश करें।

क्योंकि यह आपका घर ही है जो आपको हर तरह के मौसम की मार से बचाता है और रात में सोने के लिए सुकून भरी जगह उपलब्ध कराता है और फिर आपका यह घर भी बहुत हसीन है, क्योंकि इसमें आप और आपका परिवार रहता है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi