अपने घर को सजाने संवारने में हम कोई कसर बाकी नहीं रखते। घर का करीब-करीब हर कोना सजाया जाता है। लॉन से लेकर पोर्च तक, हॉल से लेकर किचन तक सभी पर हम अपनी क्रिएटीविटी का पूरा-पूरा उपयोग करते हैं। बस इस साज संवार से अछूता रह जाता है तो सिर्फ घर का वह कोना जहां हम बमुश्किल दस मिनिट गुजारते हैं। जबकि हमारी सुबह की दिनचर्या में सबसे ज्यादा अहम् यही हिस्सा होता है।
अरे आप अब तक नहीं समझे कि हम बात रूम की ही कर रहे हैं और वह रूम है बाथरूम। बाथरूम परिवार के प्रत्येक सदस्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है, लेकिन उसे सजाने की बात बहुत कम लोगों के मन में आती है। आजकल कुछ लोग हैं जो इस पर भी ध्यान देने लगे हैं। यदि आप भी अपने बाथरूम को नया लुक देना चाहें तो बाथरूम असेसरीज पर एक बार नजर जरूर डाल लें।
असेसरीज बाथरूम की सुंदरता को बढ़ा देती हैं। ये इतना रिच लुक देतीं हैं कि आप को शाही हमाम की याद आ जाए। बेशक आपने शाही हमाम का मजा न उठाया हो,लेकिन आप कल्पना करके देखेंगे तो आपको अपना बाथरूम वैसा ही नजर आएगा। सबसे पहले शुरू करते हैं टाइल्स से। आप अपने बाथरूम में जितना कलरफुल लगवाएंगे बाथरूम उतना ही सुंदर लगेगा।
इसके बाद कुछ यूनिक आयटम इकट्ठा करना शुरू कीजिए। जैसे कुछ अलग तरह का फुट स्क्रबर, सोप डिश, क्लाश हुक, कोई अच्छा सा शो पीस और बहुत सी कुछ इसी तरह की चीजें। आप चाहे तो कुछ अलग तरह का बाथ टब रख कर अपने नहाने के मजे को और बढ़ा सकते हैं और यदि आप के पास हर रोज टब में नहाने की फुर्सत नहीं होती तो आप मूवेबल हैंडी शावर लगवा सकते हैं। इससे आपका बाथरूम आलीशान लगने लगेगा।
जब आप बाथरूम के लिए कुछ भी खरीदें तो इसे फिजूलखर्ची न समझे, क्योंकि इससे आपकी सामान खरीदने की आधी इच्छा खत्म हो जाएगी और समझौता करके कुछ भी खरीद लेंगे। जब आप अपने सजे संवरे बाथरूम में नहाएंगे तो आपको डबल फ्रेशनेस महसूस होगी। एक तो नहाने की दूसरी अपनी बाथरूम की सजावट की तो फिर चलें एक तीर से दो शिकार करने।