जब हरियाली की बात होती है, तो ज्यादातर लोगों की नजरों के सामने हरे-भरे जंगल, लहलहाते खेतों का मंजर घूम जाता है। अकसर लोग अपनी घरेलू हरियाली को एकदम भूल जाते हैं। घरेलू हरियाली मतलब छोटी-छोटी क्यारियों और बड़े-छोटे सभी प्रकार के गमले। वैसे तो यह गमले हर घर में पाए जाते हैं, लेकिन ज्यादातर यह उपेक्षित ही रहते हैं, लेकिन यदि कोई क्रिएटिव व्यक्ति अपने इमेजिनेशन पॉवर का पूरा-पूरा इस्तेमाल करे तो यह छोटी सी सजावट आपके घर के लिए सबसे बड़ी सजावट का काम कर सकती है।
लेकिन यह सब करने से पहले आपको गमले को मात्र मिट्टी की एक आकृति की सोच को छोड़ना होगा। हाँ, तो क्या आप और आपका घर तैयार है गमले के हमले के लिए। तो सबसे पहले देखिए की आपके घर कुल कितने गमले हैं और इनमें से कितने पुराने हैं। सभी पुराने गमलों को इकट्ठा कीजिए और स्क्रबर से पहले उन पर लगी काई साफ कीजिए। इसके बाद यदि आप चाहें तो पारंपरिक गेरुआ रंग या अपने पसंद का कोई भी रंग इन पर पोत दीजिए। अब आप अपने घर का नक्शा तैयार कीजिए कि कहाँ-कहाँ गमले रखे जा सकते हैं।
जैसे बालकनी या बरामदे की छत पर थोड़ी-छोड़ी दूरी पर कड़े लगवा लीजिए। इन कड़ों पर छोटे और अलग-अलग डिजाइन के गमले लगाएँ। इन कड़ों पर छोटे और अलग-अलग डिजाइन के गमले लगाएँ। हैगिंग गमले से नीचे की ओर आती हुई बेलें बहुत सुंदर लगती हैं। इसी तरह अपने ड्राइंग रूम में फुल साइज का थोड़ा हैवी गमला रखें और उसमें लगाइए लहलहाता पॉम ट्री। कमरे के किसी दूसरे कोने में थोड़े आर्टिस्टिक स्टाइल में मनी प्लांट या सजावटी बेल के पौधे आपको घर में हरियाली का एहसास देंगे।
यदि आपका बरामदा बड़ा है तो आप अपनी मनपसंद डिजाइन में एक प्लांटर बनवा लीजिए। इससे फायदा यह होगा कि कम जगह में ज्यादा गमले एडजस्ट हो जाएँगे और प्लांटर पर लगे गमलों में खिले रंग-बिरंगे फूल आने-जाने वालों का मन मोहते रहेंगे। यदि आप थोड़ी सी भी चित्रकारी जानती हैं तो अपनी पूरी कला का प्रदर्शन प्लेन गमलों पर कर दीजिए और हमारा यकीन कीजिए यदि आपके यहाँ आने वाला हर मेहमान न पूछे 'कहाँ से खरीदा?'
हमें लगता है कि अब आपके पास गमले की सजावट को लेकर काफी जानकारी इकट्ठी हो गई है और यह सब जान लेने के बाद आप इसे सिर्फ मिट्टी की आकृति ही नहीं समझेंगी।