वास्तु बताए, कब पौधे लगाएं
Publish Date: Fri, 01 Jul 2011 (09:26 IST)
Updated Date: Fri, 01 Jul 2011 (09:25 IST)
अपने घर को खूबसूरत और आकर्षक बनाने के लिए हम ढेरों जतन करते हैं। कभी घर की साज-सज्जा में कुछ नयापन लाने की कोशिश करते हैं तो कभी घर के परदों, फर्नीचर और बेडकवर्स आदि में परिवर्तन करते हैं। वैसे घर की साज-सज्जा में पौधों का भी अहम योगदान हो सकता है। घर के भीतर और बाहर लगे हरे-भरे पौधे न सिर्फ घर को आकर्षक बनाते हैं बल्कि हमारे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करते हैं। पर इसके लिए जरूरी है कि वास्तु के हिसाब से घर में इन पौधों को रखा जाए।
साथ ही यह जानना भी बेहद जरूरी है कि वास्तु के हिसाब से किस तरह के पौधे अपने घर में लगाने चाहिए और उन्हें अपने घर के भीतर या आस-पास कहां लगाना चाहिए। पौधारोपण का भी एक सही समय होता है। आपके घर में लगे पौधे का सही विकास हो और वह हरा-भरा रहे इसके लिए जरूरी है कि आप किसी नए पौधे को अपने घर में पूर्णिमा के आस-पास ही लगाएं।
अगर आप अपने घर के आंगन में या सामने की तरफ पेड़ लगाना चाहते हैं तो इस बात का खास खयाल रखें की पेड़ की छाया सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक घर पर न पड़े। क्योंकि पेड़ों की छाया सूरज की किरणों से निकलने वाली लाभकारी कॉस्मिक ऊर्जा का प्रभाव कम देती है।अगर आप किसी पेड़ को हटाना चाहते हैं तो उसे माघ या भाद्रपद के महीने में ही हटाएं। पेड़ काटने से एक दिन पहले उस पेड़ की पूजा करें। साथ ही उस जगह पर एक नया पेड़ भी जरूर लगाएं। यह नया पेड़ तीन महीने के भीतर ही लगा लें। इस बात का भी ध्यान रखें कि पेड़ काटने पर यह उत्तरी या पूर्वी दिशा में ही गिरे।