Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सायबर आकाश के 'आजाद' परिंदे

ऋषि गौतम

हमें फॉलो करें सायबर आकाश के 'आजाद' परिंदे
मौका जश्न-ए-आजादी का है,लेकिन आजादी के 66 साल में ऐसा पहली बार होगा,जब देश की राजधानी पूरी तरह संगीनों के साये में होगी। सुरक्षा बलों की 8 कंपनियों के साथ 6 लेयर की सुरक्षा व्यवस्था और एंटी-मिसाइल गन की तैनाती पहली बार दिखेगी 15 अगस्त के मौके पर।

FILE


यह सबकुछ इसलिए,क्योंकि खुफिया एजेंसियों के मुताबिक दिल्ली पर आतंकी खतरे की आशंका है।

लेकिन इससे उलट सूचना क्रांति के इस युग में हमने एक और दुनिया बनाई है,इंटरनेट की दुनिया।



15 अगस्त की यह धूम मोबाइल एप्स से लेकर सोशल नेटवर्किग साइट्स तक पर मची हुई है। युवाओं के लिए हैप्पी इंडिपेंडेंस डे कहने का यह सबसे बढ़िया तरीका है। वे आजादी का जश्न ऑनलाइन मना रहे हैं।

webdunia
FILE


यहां सारा आकाश हमारा है,यहां कुछ भी कहने सुनने के लिए आपके पास ढेर मौके हैं। जिसे पूरी दुनिया पढ़ती है। यहां न तो रात होती है,न कोई सोता है और न ही कोई थकता है।

यहां हर पल आपके कथन और विचारों पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आपको मिलती रहती हैं। यहां मिनटों में आपकी कही गई या लिखी गई बातों पर लोगों की पसंदगी और नापसंदगी का पता आपको चल जाएगा। यहां न तो कोई डर होता है और न कोई झिझक। बेहिचक लोग यहां बोलते हैं,जरूरत पड़ने पर चीखते हैं,चिल्लाते हैं,अपनी भड़ास भी निकालते हैं।

यहां रोना-धोना भी है। क्या खोया-क्या पाया पर बहस भी है। लेकिन इन सबके अलावा यहां उड़ान है। सपने हैं। अपना हक मांगने का जज्बा है। सत्तासीन लोगों से लोहा लेने का जुनून है। आजादी का जश्न है। एक-दूसरे को बधाई देने की बेताबी है,रोचकता है और कुछ नया करने की सृजनशीलता भी। एक-एक संदेश पर हजारों कमेंट हैं। यहां बेहतरीन नए कार्ड हैं,तो पुराने गानों से भी प्यार है। इन गानों पर नया प्रयोग भी हो रहा है।



जी हां,हम बात कर रहे हैं आजादी के जश्न में सायबर दुनिया की। जहां हर साल की तरह इस साल भी वैसा ही माहौल है। बेचैनी और बेताबी का। सब कुछ जल्दी करने और पाने का।

webdunia
FILE


सबको इस बात की चिंता है कि पल-पल बदलती इस दुनिया में कहीं वो पीछे न छूट जाए। यही वजह है कि 15 अगस्त आने के कई दिन पहले से ही सायबर दुनिया में जश्न का माहौल दिख रहा है।

एक से बढ़कर एक संदेश, कविताएं,गाने,नारे,शेरो शायरी,चित्र,पेटिंग्स और एनीमेशन जैसी और भी न जाने क्या-क्या दिख रहे हैं।

इतना ही नहीं इस मौके पर कलम के सिपाहियों द्वारा आजादी,उसके इतिहास,और इससे जुड़े लोगों पर लेख भी लिखे जा रहे हैं। कलम की जादूगरी दिखाते हुए यहां खुद की कविताएं भी हैं। ऑन लाइन निबंध प्रतियोगिताएं भी। लोग अपने विचार बेबाकी से रख रहे हैं। कुछ लोग ऐतिहासिक फोटो को भी सबके सामने रख रहे हैं।



सात समंदर रह रहे लोग भी भारत के अपने लोगों को बधाई दे रहे हैं और बधाई ले रहे हैं। उदाहरण के लिए-

webdunia
FB


- 15 साल के जतिन ने फेसबुक पर आजादी को समर्पित करता हुआ एक पेज बनाया है,जिसे अबतक करीब 500 लोग ‘लाइक’ भी कर चुके हैं। इस पेज पर लोग,खास तौर से युवा अपने-अपने तरीकों से आजादी को बयां कर रहे हैं।

- इसी तरह सलाम इंडिया नाम के एक पेज पर भी आजादी के संग्राम को याद करते हुए देश के सम्मान में बहुत कुछ कहा गया है। इसी पेज पर महात्मा गांधी,भगत सिंह,सुभाष चंद्र बोस जैसे महापुरूषओं के सजे एक कार्ड में जिसमें तिरंगे के तीन रंगों की तरह मोमबत्तियां भी जल रही हैं, उसके नीचे आईआईएम इंदौर की छात्रा उमा जोशी लिखती हैं... it's beautiful idea,i luv this,thanx for it, I m proud to b Indian,i luv my India ...JAI HIND.

- आईआईटी दिल्ली के छात्र नागेंद्र ने इस मौके पर अपने फेसबुक वॉल पर दो उड़ते कबूतरों और हैप्पी इंडिपेंडेंस डे लिखा बहुत ही प्यारा एक कार्ड लगाया है और उसके नीचे लिखा है I love my INDIA,i proud to b an INDIAN .

यह तो कुछ मिसाल भर हैं। फेसबुक पर ऐसे कई पेज आपको मिल जाएंगे,जिनके माध्यम से युवा आजादी के जश्न की एक अलग ही परिभाषा लिख रहे हैं।






webdunia
FB


सायबर संसार की शक्ति का अंदाजा तो अब तक हम सबको हो चुका है। फिर भी यहां मैं एक उदाहरण रखना चाहता हूं। जरा याद कीजिए दिल्ली में पिछले साल हुई गैंगरेप की उस घटना को। गैंगरेप की उस वारदात के बाद लोगों ने फेसबुक और अन्य सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर ऐसा जज्बा जगाया कि रातोंरात हजारों लोग राजपथ पर जमा हो गये।

हालात इतने बेकाबू हो गए कि कुछ लोग तो राष्ट्रपति भवन के अति सुरक्षित इलाके तक में पहुंच गये। यह सायबर संसार का नया रूप है जो उसकी शक्ति का एहसास दिलाता है।

इसी तरह अन्ना आंदोलन के दौरान भी सायबर संसार की वजह से ही लोग रातोंरात हजारों की संख्या में पहुंचे। लेकिन इन आंदोलनों की नियति बाद में पानी के बुलबुले की तरह हुई। बुलबुला जैसे उठा वैसे ही शांत भी हो गया।



अपने तरह की अलग इस आजादी में सृजनात्मकता बहुत गजब की है। शेर-ओ-शायरी का ऑनलाइन दौर है। निबंध प्रतियोगिता में एक से बढ़कर एक शब्द,रचना और फोटो सामने आ रहे हैं।

webdunia
FILE


पुरानी से पुरानी फोटो ऑनलाइन दिख रही हैं। ग्रीटिंग कार्ड सजे हैं। इस मौके पर इससे जुडे अनेक कार्ड वेबसाइट्स पर मौजूद हैं,इनमें कई ई-कार्ड ऐसे हैं जिस पर हजारों लोगों ने लाइक किया है।

केक पर बनीं तिरंगी मोमबत्तियां जिन पर 2013 लिखा है,को अभी तक 1 लाख 7 हजार लोग लाइक कर चुके हैं। इसी तरह एक मोर और बगल में तिरंगा साथ में शेर वाले ग्रीटिंग कार्ड को एक लाख से भी ज्यादा क्लिक मिल चुकी थीं।



लेकिन,इन सबसे इतर जश्न के इस माहौल में कुछ ऐसे लोग भी हैं,जिन्होंने अभिव्यक्ति की आजादी का बेजा फायदा उठाने का जैसे बीड़ा उठा रखा है। फोटो को गलत तरीके से क्रॉप किया गया है।

webdunia
FILE


भारत के गलत नक्शे को शरारतन डाला गया है। फर्जी आईडी बनाकर उल्टे-सीधे कमेंट जारी किए जा रहे हैं। अब सवाल यही उठ रहा है कि आजादी के जश्न का मौका हो या फिर कोई और,अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की इस उड़ान का क्या किया जाए। जहां अंकुश नहीं है। जहां निरीक्षण नहीं है। इस बारे में अलग-अलग वर्गों की अलग-अलग राय है।



इस बारे में युवाओं का कहना है कि कुछ लोगों की वजह से पूरे सायबर संसार को कोसना ठीक नहीं।

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की छात्रा रागिनी कहती हैं कि अभिव्यक्ति की यह आजादी निश्चित रूप से एक नई इबारत लिखेगी।

समाजशास्त्र में शोध कर रहे पंकज कुमार पांडेय कहते हैं कि इंटरनेट पर दोनों दुनिया हैं,सही भी और गलत भी। आप सही की राह पकड़ेंगे तो दिशा भी सही मिलती चली जाएगी। मगर गलत दिशा पकड़ेंगे तो यह आपको और भटकाते जाएगी। यह हम पर निर्भर करता है कि हम किस राह को पकड़ कर किस तरफ जाते हैं।

खैर 15 अगस्त को भारत की स्वतंत्रता के 66 साल पूरे हो जाएंगे। इस दौरान देश में काफी कुछ बदला है। कुछ पुरानी चीजों को हमने छोड़ दिया तो कुछ नए का दामन थाम लिया है।

अब सायबर संसार की यह दुनिया भी बदल रही है। जिसके कई रूप हैं। इसके कई रंग भले हमें अपनी तरफ खींचते हैं,बावजूद इसके हमें ठहरना होगा,इसके बेजा इस्तेमाल को रोकना होगा। क्योंकि यह देश हमारा है। यह आजादी हमारी है।

समाप्त

हमारे साथ WhatsApp पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
Share this Story:

वेबदुनिया पर पढ़ें

समाचार बॉलीवुड ज्योतिष लाइफ स्‍टाइल धर्म-संसार महाभारत के किस्से रामायण की कहानियां रोचक और रोमांचक

Follow Webdunia Hindi