Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

आजादी : एक शब्द कितने मायने!

हमें फॉलो करें आजादी : एक शब्द कितने मायने!
webdunia

देवेंद्रराज सुथार

आजादी की कीमत पिंजरे में कैद तोता ही जान सकता है, जिसके पंख फड़फड़ाकर स्वर्ण सलाखों से टकरा रहे हैं, जिसकी आत्मा कैद की गुलामी से आजाद होने के लिए तड़प रही है। चीत्कार और पुकार के बीच संघर्ष करता यह तोता उन तमाम लोगों का प्रतीक है जिनको 15 अगस्त 1947 से पहले अंग्रेज सरकार अपने तलवे चाटने को विवश कर रही थी।


भारतीयों को दास की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था। इज्जत को चाबुक की मार से तार-तार किया जा रहा था। बहन-बेटियों की देह के साथ खेला जा रहा था। नन्हे-मुन्ने बच्चों को अंग्रेजों के घरों में काम करने के लिए ठेला जा रहा था। इंसानियत को पेला जा रहा था। अनावश्यक कर और लगान की मार किसानों की कमर तोड़ रही थी। चहुंदिशा क्रूरता और नरसंहार के इस खेल को देख थरथरा रही थी।

अब अंतरमन से आवाज आ रही थी कि आखिर कब तक गुलामी में हाथ सैल्यूट ठोकते रहेंगे? कब तक अंग्रेजों के हुक्म को अपने ही जमीन पर झेलते रहेंगे? आत्मा की पीड़ा और लाखों भारतीयों की हुंकारों ने आगाज किया इंकलाब की लड़ाई का और टूट पड़े असंख्य पुरोधा स्वतंत्रता के समर में देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए और गूंजने लगा यह स्वर-
 
ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम,
तेरी राहों में जां तक लुटा जाएंगे,
फूल क्या चीज है तेरे कदमों पे हम,
भेंट अपने सरों की चढ़ा जाएंगे।
 
इस समर में कई घरों के इकलौते चिराग आजादी की बलिवेदी पर निसार हो गए। मां की कोख से जन्मे रत्न मातृभूमि की दुर्दशा को देख आजादी की जंग का लोहा लेते हुए मिट्टी में सदा के लिए विलीन गए और जाते समय भी जिनकी जिह्वा पर अंग्रेजी क्रूरता के लिए ये शब्द आए-
 

इतिहास न तुमको माफ करेगा याद रहे,
पीढ़ियां तुम्हारी करनी पर पछताएगी!
बांध बांधने से पहले जल सूख गया तो,
धरती की छाती पर दरार पड़ जाएगी!
 
रक्तरंजित भूमि और असंख्यक क्रांतिदीपों का आजादी की महाज्वाला प्रज्वलन के लिए समर्पण देश को एक नई राह की ओर ले गया।
 
अब आजादी हर आंगन में नन्ही-सी हंसी बनकर थिरक रही थी। तिरंगे को नभ में चल रही हवाओं के साथ लहराते देख आंखें चमक रही थीं। दलित-वंचित-पीड़ित-शोषित के मायूस चेहरे पर आशा की किरणें आगाज कर रही थीं कि अब हर घर में खुशहाली होगी, बच्चों के मुख पर लाली होगी और खेतों में हरियाली होगी। लोकतंत्र की नींव रखने के साथ ही देश का पहला प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को चुना गया।

 
सरदार वल्लभभाई पटेल के अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप रियासतों का एकीकरण हुआ और डॉ. भीमराव अंबडेकर के प्रयासों ने देश का संविधान अल्प समय में तैयार कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। बच्चों की शिक्षा के लिए शिक्षामंत्री बनाया गया और हर गांव में पाठशालाएं खोलने के लिए स्वीकृति प्रस्ताव पारित किए गए। थोड़े समय के लिए सब कुछ सही चलता रहा। यह सब परतंत्रता की बेड़ियों से पड़े जिस्म पर घावों के लिए मरहम की तरह था। कहें तो बिलकुल जन्मों के प्यासे के लिए पानी को प्राप्त करने और भूख से व्याकुल भूखे के लिए भोजन प्राप्त करने के समतुल्य ही था। लेकिन आजादी के कुछ सालों बाद ही देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चयनित हुए जनप्रतिनिधियों की मानसिकता देशहित न रहकर स्वहित होने लगी। वस्तुत: राजनेताओं की विकृत मानसिकता और स्वच्छंद रवैये ने अय्याशी की समस्त सीमाएं तोड़ दीं।

पहले गोरे, कालों को लूट रहे थे, तो अब काले ही कालों को लूटने पर तुलने लगे। विकास को परिभाषित करने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के साथ ही अलमारी में फाइलों की संख्या बढ़ने लगी। लेकिन, 'जन' और 'कल्याण' धरती और आकाश की तरह कल्पनालोक में मिलते दिखे। जिन रचनाधर्मियों और कवियों ने जेल की दीवारों पर नाखूनों से 'वंदेमातरम्' लिखकर आजादी की इबारत लिखी थी उनकी पीठ पर पड़े कोड़ों की मार से निकले फोड़ों के फूटने पर आए लहू के कतरे-कतरे की यह पुकार थी-
 
 
हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए,
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।
आज यह दीवार पर्दों की तरह हिलने लगी,
शर्त लेकिन थी कि ये बुनियाद हिलनी चाहिए।
 
लेकिन लोकतंत्र की गति ने आजादी के बाद देश की आजादी के पूर्व रही जस की तस विसंगतियों से भांपकर यह लिखने पर भी विवश किया- 
 
काजू भुने हैं प्लेट में,
व्हिस्की गिलास में।
उतरा है रामराज,
विधायक निवास में।

 
इससे बड़ी विडंबना और क्या होगी कि लाठी के दम पर आजादी की मशाल जलाने वाले गांधी को गाली की संज्ञा देकर गोड़से को आराध्य मानकर मंदिर बनवाने की बात होने लगी। देश के नवयुवक और नवयुवतियों की दिशा पश्चिमीकरण ने पूर्णत: भ्रमित कर दी। सरकारी कार्यालयों में लगी भ्रष्टाचार की दीमक ने अफसरों के ईमान को नोंच डाला। बेरोजगारी ने नौकरियों और उच्च शिक्षा के प्रति आमजन का मोहभंग कर दिया।
 
रोज नए-नए घोटालों और कांड ने जनप्रतिनिधियों की पोल खोलकर रख दी। वस्तुत: ऐसी आजादी की कल्पना गांधी के मस्तिष्क की उपज कभी नहीं रही होगी कि जिस देश में स्कूलों से ज्यादा शराब के ठेके नजर आते हो और नर की खान नारी कोठे पर जिस्म का सौदा करने के लिए मजबूर हो। जहां पैसों वालों के लिए कानून रखैल हो और गरीबों के लिए केवल जेल हो। जहां फुटपाथों पर मासूमों का बसेरा हो और अमीरों की गाड़ियों का पहिया जिनकी मौत बनता हो। तब जाकर लगता है आजादी को केवल एक ही वर्ग तक सीमित रखा गया। बस, उनके लिए ही अच्छे दिन और हर रात चांदनी है! बाकी गरीबों की आंखों में तो आज भी पानी है।

 
खैर! देश की समस्याओं का रोना हम 7 दशक से रोते आ रहे हैं। इस बात से जरा भी इंकार नहीं किया जा सकता है कि देश में प्रॉब्लम नहीं है। लेकिन सवाल उठता है कि क्या हम हर 15 अगस्त को यूं ही समस्याओं का जिक्र करते रहेंगे या फिर खुद भी देश के लिए कुछ करने के लिए खड़े होंगे?
 
दरअसल, आजादी की भौतिकता तक सीमित न रहकर सोच और मन से आजाद होने की जरूरत है। आजादी का मतलब केवल अधिकारों की मांग के नाम पर उग्र प्रदर्शन करना भर नहीं है, बल्कि कर्तव्यों के प्रति भी सकारात्मक भूमिका निभाना है। नेताओं को कोसना ही नहीं है, बल्कि सही और ईमानदार व्यक्ति का सक्रिय मतदाता बनकर चुनाव करना भी है। क्या हमने कभी सोचा है कि आज देश का करोड़ों रुपया 'नमामि गंगे' और 'स्वच्छ भारत' अभियान पर खर्च क्यों करना पड़ रहा है? किसके कारण यह सब हो रहा है? आजादी की लड़ाई सिर्फ सीमा पर खड़े होकर गोली खाना ही नहीं है, बल्कि अपने स्तर पर छोटे-छोटे बदलाव करना भी है।

 
आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर यह संकल्प लें कि हम इस वतन को घर की तरह मानकर इसके लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
 
चलते-चलते...
 
अंधा बेटा युद्ध पे चला तो न जा,
न जा उसकी मां बोली,
वो बोला कम कर सकता हूं मैं भी,
दुश्मन की एक गोली,
जिक्र शहीदों का हो तो,
क्यों उनमें मेरा नाम न आए,
देखो वीर जवानों,

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

लॉर्ड्‍स में शर्मनाक हार के बाद क्या टूट जाएगी कोहली और शास्त्री की जोड़ी