Publish Date: Wed, 18 Jan 2023 (15:38 IST)
Updated Date: Wed, 18 Jan 2023 (15:48 IST)
सर्दियों में भारत में यूं तो हनीमून के लिए बहुत सारे स्पॉट मिल जाएंगे। यदि आप सर्दियों में हनीमून ट्रिप पर जाना चाहते हैं तो हमने खोजे हैं आपके लिए खास 6 ऐसे स्थान जहां जाकर आपको एकांत के साथ ही सुकून भी मिलेगा। यहां पर आप जाकर अपने पार्टनर के साथ संबंधों की नई ऊंचाइयों को छू सकते हो।
1. चंबा (Chamba) : उत्तराखंड के मसूरी से मात्र 13 घंटे की दूरी पर बसा है चंबा। चंबा की सीढ़ीनुमा सड़कें और ऊंचे-ऊंचे वृक्षों से लदी घुमावदार घाटियां, झुरमुटों में छुपे छोटे-छोटे घर आपके मन को मोह लेंगे। आपको यदि सर्दियों और बर्फ का आनंद लेना हैं तो यहां जाएं। यहां एकांत के साथ ही प्राकृतिक नजारें आपके हनीमून को बेस्ट बना देंगे।
2. ऊटी (Ooty) : तमिलनाडु का विश्व प्रसिद्ध शहर ऊटी हनीमून के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। इसे पहाड़ों की रानी कहा जाता है। यहां दूर-दूर तक फैली हरियाली, चाय के बागान, तरह-तरह की वनस्पतियां आपको मंत्रमुग्ध कर देगी। इसी के साथ आप यहां एकांत भी पाएंगे।
3. उदयपुर (Udaipur) : यदि आपको ज्यादा ठंड पसंद नहीं है तो आप उदयपुर जा सकते हैं। उदयपुर में भी आप कभी भी जा सकते हैं। यहां आप झीलों का मजा ले सकते हैं। यहां की हवेलियों और महलों की भव्यता को देखकर दुनिया भर के पर्यटक मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। आपके लिए यहां उपयुक्त वातारवण रहेगा।
4. लक्षद्वीप (Lakshadweep) : 32 किलोमीटर लंबी भूमि 36 से अधिक छोट-छोटे टापूनुमा द्वीपों में बंटी हुई है, जिसे लक्ष्यद्वीप कहा जाता है। यह दुनिया के सर्वाधिक विहंगम उष्ण कटिबंधी द्वीपों में से एक है। यहां सुंदर सकरे और लंबे लैगून (समुद्र तल, कच्छ या खाड़ी) है। यहां जाकर मन रोमांचित हो उठता है।
5. गोवा (Goa): समुद्र के किनारे बसा गोवा बहुत ही रोमांटिक जगह है। हनीमून मनाने वालों को भी खूब आकर्षित करता है। रोमांटिक स्थलों में यह सबसे टॉप पर माना जाता है। यदि आप एकांत चाहते हैं तो आपको साऊथ गोवा में जाना चाहिए।
6. पचमढ़ी (Pachmarhi) : इसे भारतीय राज्य मध्यप्रदेश का श्रीनगर और स्विट्जरलैंड कहा जाता है। रोमांटिक स्थलों में यह भी टॉप पर है। सतपुड़ा पहाड़ों की कई श्रृंखलाएं हैं और सुंदर एवं मनोरम घाटियां हैं। होशंगाबाद जिले में स्थित पचमढ़ी मध्यप्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन है। यहां की विशेषता है कि आप यहां वर्ष भर किसी भी मौसम में जा सकते हैं। यहां बसे घने जंगल, मदमाते कई जलप्रपात और पवित्र निर्मल तालाब हैं। यहां गौर, तेंदुआ, भालू, भैंसा तथा अन्य जंगली जानवर सहज ही देखने को मिल जाते हैं। इस क्षेत्र में घूमने के लिए आप पचमढ़ी से जीप या स्कूटर ले सकते हैं।