Dharma Sangrah

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भारत का PAK पर सख्त एक्शन, उच्चायोग के एक और अधिकारी को देश छोड़ने का आदेश, 24 घंटे की मोहलत

Advertiesment
हमें फॉलो करें Indo-Pakistani War

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली\ , मंगलवार, 13 मई 2025 (23:05 IST)
भारत ने मंगलवार को पाकिस्तान उच्चायोग में कार्यरत एक पाकिस्तानी अधिकारी को उसकी आधिकारिक स्थिति के अनुरूप काम नहीं करने की वजह से निष्कासित कर दिया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अधिकारी को भारत छोड़ने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है। यह कार्रवाई दोनों देशों के बीच चार दिन के सैन्य टकराव के बाद बढ़े तनाव के बीच की गई। भारत ने अधिकारी की गतिविधियों पर नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायुक्त को एक आपत्तिपत्र भी जारी किया। 

क्या कहा विदेश मंत्रालय ने 
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह अधिकारी भारत में अपने राजनयिक पद की गरिमा के अनुरूप आचरण नहीं कर रहा था, इसलिए उसे 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने के लिए कहा गया है। यह कार्रवाई दोनों देशों के बीच चार दिन के सैन्य टकराव के बाद बढ़े तनाव के बीच की गई। भारत ने अधिकारी की गतिविधियों पर नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायुक्त को एक आपत्तिपत्र भी जारी किया।
 
जासूसी से जुड़ा हो सकता है मामला
हालांकि, विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोपों का विवरण नहीं दिया, लेकिन सूत्रों के अनुसार ये आरोप जासूसी के एक मामले से जुड़े हैं, जिसकी जांच पंजाब पुलिस कर रही है। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत सरकार ने नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में कार्यरत एक पाकिस्तानी अधिकारी को भारत में आधिकारिक पद के अनुरूप नहीं होने वाली गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण अवांछित व्यक्ति घोषित किया है।’’
 
बयान में कहा गया कि अधिकारी को 24 घंटे के भीतर भारत छोड़ने को कहा गया है। पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी को आज इस संबंध में एक आपत्तिपत्र जारी किया गया। पंजाब पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में तैनात एक पाकिस्तानी अधिकारी से जुड़ी जासूसी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के लिए एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
 
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना की गतिविधियों के संबंध में पाकिस्तान स्थित आकाओं को संवेदनशील जानकारी लीक करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
webdunia
डोनाल्ड ट्रंप के दावों को नकारा 
भारत ने मंगलवार को कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता की अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पेशकश, व्यापार पर जोर और पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई के संदर्भ में परमाणु संघर्ष से बचाव करने के उनके दावों पर पलटवार किया। विदेश मंत्रालय ने ट्रंप की इस टिप्पणी को भी खारिज कर दिया कि वाशिंगटन ने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष को समाप्त करने के लिए समझौता कराया था।
 
ट्रंप द्वारा कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता की पेशकश से जुड़े सवाल पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत का लंबे समय से रुख यह है कि कश्मीर मुद्दे को भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय रूप से सुलझाया जाना चाहिए और इस रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
 
जायसवाल ने कहा कि हमारा लंबे समय से रुख रहा है कि भारत के केंद्र-शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से संबंधित किसी भी मुद्दे को भारत और पाकिस्तान को द्विपक्षीय रूप से सुलझाना होगा। इस रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जैसा कि आप जानते हैं कि एकमात्र मुद्दा पाकिस्तान द्वारा अवैध रूप से कब्जाए गए भारतीय क्षेत्रों को खाली करना है।
 
भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष समाप्त करने के लिए सहमति बनाने के ट्रंप के दावे का सीधे तौर पर उल्लेख किए बिना जायसवाल ने कहा कि 10 मई को दोनों देशों के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) द्वारा हॉटलाइन पर बातचीत के दौरान इस व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया था।
उन्होंने कहा कि 10 मई की सुबह पाकिस्तान के प्रमुख वायुसेना ठिकानों पर भारतीय सेना के ‘‘बेहद प्रभावी हमले’’ ने इस्लामाबाद को सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए मजबूर कर दिया। जायसवाल ने ट्रंप के दावे को परोक्ष रूप से खारिज करते हुए कहा, ‘‘मैं स्पष्ट कर दूं। यह भारतीय हथियारों की ताकत थी, जिसने पाकिस्तान को अपनी गोलीबारी रोकने के लिए मजबूर किया।’’
 
ट्रंप के इस दावे के बारे में पूछे जाने पर कि अमेरिकी प्रशासन ने भारत और पाकिस्तान के बीच ‘परमाणु संघर्ष’ को रोका, जायसवाल ने कहा कि भारत की सैन्य कार्रवाई पूरी तरह से पारंपरिक हथियारों तक सीमित थी। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जैसा कि आप जानते हैं, भारत का दृढ़ रुख है कि वह परमाणु धमकी के आगे नहीं झुकेगा और न ही इसका हवाला देकर सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों की अनुमति देगा।’’
 
जायसवाल ने कहा, ‘‘विभिन्न देशों के साथ बातचीत में हमने उन्हें इसे लेकर भी आगाह किया कि इस तरह की स्थिति में शामिल होने से उन्हें अपने क्षेत्र में नुकसान हो सकता है।’’ जायसवाल ने कहा, ‘‘ऐसी खबरें थीं कि पाकिस्तान की राष्ट्रीय कमान प्राधिकरण की बैठक 10 मई को होगी। लेकिन बाद में उन्होंने इसका खंडन किया। पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने खुद ही परमाणु हमले की बात से इनकार किया है।’’
उन्होंने कहा कि भारत सिंधु जल संधि को तब तक स्थगित रखेगा, जब तक पाकिस्तान विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं कर देता। प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान ने उद्योग की तरह आतंकवाद को पोषित किया।
उन्होंने कहा कि भारत ने उन आतंकवादी ढांचों को नष्ट किया, जो न केवल भारतीयों की, बल्कि दुनिया भर में कई अन्य निर्दोष लोगों की मौत के लिए भी जिम्मेदार थे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों के साथ व्यापार में कटौती की चेतावनी देकर नयी दिल्ली और इस्लामाबाद पर शत्रुता समाप्त करने का दबाव बनाया। इस बारे में पूछे जाने पर जायसवाल ने कहा कि किसी भी चर्चा में व्यापार का मुद्दा नहीं उठा।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए प्रधानमंत्री मोदी को दी बधाई