Publish Date: Tue, 14 Sep 2021 (17:50 IST)
Updated Date: Tue, 14 Sep 2021 (17:54 IST)
इंदौर। राऊ से लेकर देवास को जोडऩे वाले 32 किलोमीटर का बायपास के हालात अब बदलने वाले हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री जर्जर सर्विस लेन के साथ ही लाइटिंग कार्य का शुभारंभ करेंगे। साथ ही बायपास पर 4 नए फ्लाईओवर का ऐलान भी केंद्रीय मंत्री कर सकते हैं। 32 किलोमीटर के बायपास पर 4 फ्लाईओवर ओवरब्रिज 2 अंडरपास कुल 13 छोटे-बड़े ब्रिज बने हुए हैं। मार्ग की खस्ता स्थिति अंधेरे के कारण लोगों को इसमें परेशानी होती है, जिससे जल्द ही निजात मिलने वाली है। जहां भी सर्विस लेन में परेशानी रही, उसे एनएचएआई दूर करेगा।
21 किलोमीटर की सर्विस लेन की मरम्मत और यहां पर लाइटिंग का काम एनएचएआई ने करीब 83 करोड़ की लागत से किया गया है,। 16 सितंबर को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा इसका शुभारंभ किया जाएगा। टोल कंपनी वाहन चालकों से टैक्स को ले रही है, लेकिन मार्ग की मरम्मत और सर्विस लेन के खस्ताहाल की जिम्मेदारी नहीं लेती। कई बार एनएचएआई ने अलग से फंड स्वीकृत कराकर मार्ग की मरम्मत की है। दोनों के बीच मामला चल रहा है।
इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि बायपास मार्ग में आ रही परेशानियों को तकरीबन दूर कर लिया गया है। जो भी कमियां है, उसे जल्द दूर कर दिया जाएगा। बायपास के निर्माण के समय फ्लाईओवर नहीं होने से यहां काफी बड़ी संख्या में दुर्घटनाएं हो रही थीं। करीब 13 स्थानों पर छोटे-बड़े ब्रिज बने हुए हैं। 4 स्थानों पर ओवरब्रिज की जरूरत है। इसमें सबसे जरूरी राऊ सर्कल, रालामंडल, अर्जुन बरोदा और एमआर 10 के हिस्से बायपास से जुड़े हैं। माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री 4 दिन बाद होने वाले उनके दौरे में कार्यक्रम के दौरान नए फ्लाईओवर का ऐलान कर सकते हैं।