Publish Date: Fri, 04 Jul 2025 (16:43 IST)
Updated Date: Fri, 04 Jul 2025 (16:46 IST)
इंदौर में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। एक पुलिस जवान ने खुद को गोली मार ली। घटना के बाद उसकी मौत हो गई। मामला शुक्रवार सुबह का है। यहां एक पुलिसकर्मी ने ड्यूटी के दौरान खुद को सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक सिपाही अनुराग भागोर की हाल ही में लव मैरिज हुई थी और पत्नी से चल रहे विवाद को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है।
इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे पुलिस विभाग में तैनात 28 वर्षीय सिपाही अनुराग भागोर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना दिग्विजय मल्टीस्टोरी बिल्डिंग के एक फ्लैट में हुई। आत्महत्या के समय अनुराग के साथ सिपाही मोहित भी मौजूद था। मोहित ने बताया कि अनुराग ड्यूटी के दौरान आ रहे फोन कॉल्स रिसीव नहीं कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भिजवाया गया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि अनुराग का अपनी पत्नी रानू से विवाद चल रहा था। डेढ़ साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। रानू धार जिले के मांडव की रहने वाली है और बीते सात दिनों से अपने मायके में है। जानकारी के अनुसार, पत्नी का भाई करंट लगने से घायल हो गया था और उसका इलाज अरविंदो हॉस्पिटल में चल रहा है। अनुराग ड्यूटी के कारण घर और अस्पताल नहीं जा पा रहा था, जिससे दोनों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी। बता दें कि अनुराग मूल रूप से अलीराजपुर का रहने वाला था। इससे पहले वह सर्राफा थाने में पदस्थ था, लेकिन हाल ही में उसका ट्रांसफर द्वारकापुरी थाने में हुआ था। परिजनों के अनुसार ट्रांसफर के बाद उसका ड्यूटी शेड्यूल और ज्यादा कड़ा हो गया था। अनुराग के परिवार में बड़ा भाई अविनाश और छोटा भाई देवेंद्र है। वह तीन भाइयों में मंझला था। पिता वेटरनरी विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
Edited By: Navin Rangiyal