Publish Date: Tue, 03 Dec 2024 (22:29 IST)
Updated Date: Tue, 03 Dec 2024 (22:34 IST)
बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार और हमलों के विरोध में इंदौर में रैली का आयोजन किया गया है। लालबाग परिसर से सुबह 9 बजे रैली निकलेगी। इंदौर के कई संस्थान, व्यापारी एसोसिएशन ने आधे दिन के लिए काम बंद रखा है। बांग्लादेश में हिन्दुओं के नरसंहार के विरोध में 'ना पोहा ना चाय बांग्लादेश हाय-हाय' विशाल रैली 4 दिसंबर सुबह 9 बजे लालबाग परिसर से कलेक्टर कार्यालय तक रहेगी। रैली को देखते हुए ट्रैफिक भी डायवर्ट किया गया है।
यह रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था : सुबह 8.30 बजे से कलेक्ट्रेट से महू नाका की तरफ, महू नाका से कलेक्टर कार्यालय की तरफ आने से बचें। जो लोग कलेक्टर कार्यालय से महू नाका की तरफ जाना चाहते हैं, वे पलसीघर चौराहे से माणिकबाग या चोइथराम मंडी होते हुए जा सकते हैं।
सुदामा नगर फूटी कोठी की तरफ से आने वाले गंगवाल या बड़ा गणपति की ओर चंदन नगर होकर जा सकते हैं।
रैली में शामिल होने वाले लोग अपनी गाड़ियों को धोबी घाट, दशहरा मैदान और लालबाग में पार्क कर सकते हैं।
ये संगठन रखेंगे बंद : अहिल्या चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल ने बताया कि उनके संगठन से जुड़े सभी व्यापारिक संगठन, एसोसिएशन ने अपना काम 1 बजे तक बंद रखने का समर्थन दिया है। उन्होंने बताया कि अहिल्या चेंबर के क्लाथ मर्चेन्ट्स एसोसिएशन, स्कूटर पार्ट्स विक्रेता संघ, पाइप एंड सैनिटरी व्यापारी संघ, सियागंज किराना होल सेल मर्चेंट्स, सीतला माता बाजार, खजूरी बाजार, न्यू सियागंज, टी मर्चेंट्स एसोसिएशन, इंदौर टाइल्स मर्चेंट एसोसिएशन आदि व्यापारी संगठनों ने बुधवार दोपहर 1 बजे तक अपने संस्थान बंद करने का फैसला किया है।
अनाज मंडी पूरे दिन बंद : इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी संघ ने भी बुधवार को छावनी अनाज मंडी बंद रखने का निर्णय लिया है। संघ के मंत्री वरुण मंगल ने बताया कि मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी आलोक दवे, कैलाश शर्मा, अवधेश अग्रवाल ने छावनी अनाज मंडी में व्यापारियों से मुलाकात की और बुधवार को निकलने वाली रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होने का अनुरोध किया। प्रतीकात्मक चित्र
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें