Publish Date: Wed, 07 Sep 2022 (15:02 IST)
Updated Date: Wed, 07 Sep 2022 (16:44 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के राजवाड़ा क्षेत्र में एक कर्मचारी पर 2 युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में कर्मचारी को चाकू से चोट आई है। घटना से नाराज व्यापारियों ने बड़े आंदोलन की चेतावनी देते हुए पूरा मार्केट बंद कर दिया।
राजवाड़ा क्षेत्र में फेरी, ठेलों पर व्यापार करने वाले और स्थानीय दुकानदारों में रोजाना विवाद की स्थिति बनती है। मंगलवार को 2 फेरी फेरी वालों ने राजवाड़ा स्थित साधना कलेक्शन के कर्मचारी संजय साहू पर चाकुओं से हमला बोल दिया। लिहाजा उक्त कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गया है।
इधर उक्त घटना से नाराज राजवाड़ा के सैकड़ों दुकानदारों ने विरोध स्वरूप अपनी दुकानें बंद करते हुए पूरा के पूरा मार्केट बंद कर दिया। उक्त घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सराफा थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर दोनो अरोपियों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।