Publish Date: Tue, 09 May 2023 (12:37 IST)
Updated Date: Tue, 09 May 2023 (14:26 IST)
Indore weather : मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर (Indore News) स्थित मौसम केंद्र ने रविवार को शहर का तापमान 41.9 डिग्री बता दिया। यह उस दिन देश के मैदानी क्षेत्रों में सबसे अधिक तापमान था। हालांकि इस दिन शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस था।
दरअसल हुआ यूं कि एयरपोर्ट मौसम केंद्र के कर्मचारियों ने मैन्युअल थर्मामीटर के आधार पर अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री पहुंचने का दावा किया। हालांकि यहां से 2 किलोमीटर दूर एयरपोर्ट के रनवे नंबर 7 पर लगे वेदर इंडीकेशन सिस्टम में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि कॉलेज स्थित मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एयरपोर्ट और कृषि कॉलेज के तापमान में करीब 4 डिग्री का अंतर भी लोगों को हैरान कर रहा था। हालांकि पूर्वी इंदौर और पश्चिमी इंदौर के आंकड़ों में हमेशा अंतर रहता है। पूर्वी इंदौर में बारिश ज्यादा होती है तो पश्चिमी इंदौर में गर्मी ज्यादा पड़ती है। वैसे मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राज्य के बुंदेलखंड इलाके में रहता है। इंदौर के आगे निकलने की खबर से वहां के लोग भी हैरान रह गए।
शहर में अब गर्मी का असर दिखाई देने लगा है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज दिया गया। शहर के लोग भी भारी गर्मी के चलते परेशान दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि मंगलवार को पारा 39 डिग्री तक पहुंच सकता है।
Edited by : Nrapendra Gupta