Publish Date: Wed, 24 Oct 2018 (15:59 IST)
Updated Date: Wed, 24 Oct 2018 (16:04 IST)
इंदौर। विधानसभा क्षेत्र तीन की भाजपा विधायक उषा ठाकुर के खिलाफ पार्टी के ही नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। दरअसल 2 दिन पूर्व इंदौर में निकली मुख्यमंत्री जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान इसी क्षेत्र में भाजपा के दो गुटों के कार्यकर्ताओं में लात-घूंसे चले थे। तत्पश्चात विधायक ठाकुर ने अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं के विरुद्ध नामजद आरोप लगाए थे। उन्हीं में से पार्टी के एक नेता ने ठाकुर को कानूनी नोटिस भेजकर विवाद को हवा दे दी है।
खबरों के मुताबिक, हाल ही में मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान क्षेत्र के दो गुटों के कार्यकर्ताओं में जमकर विवाद के बाद भाजपा के कई नेताओं द्वारा एक बैठक कर विधायक ठाकुर को टिकट दिए जाने का विरोध करने की खबरें चर्चा में आई थीं। तत्पश्चात विधायक उषा ठाकुर ने अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं के विरुद्ध नामजद आरोप लगाए थे, इनमें से एक भाजपा नेता दिनेश खंडेलवाल भी हैं, जो जनभागीदारी समिति के सदस्य के साथ इंदौर जिला कोर्ट में अतिरिक्त लोक अभियोजक भी हैं।
इसे लेकर दिनेश खंडेलवाल ने एक कानूनी नोटिस विधायक उषा ठाकुर को भेजा है, जिसमें उक्त आरोपों को नकारते हुए कहा कि वे साल 1990 से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने विधायक ठाकुर से पूछा कि क्या यह आरोप उनके द्वारा ही लगाए गए हैं, जिनका 3 दिन में जवाब न आने पर मान लिया जाएगा कि ये आरोप उन्होंने ही लगाए हैं तो फिर हम कानूनी कार्रवाई के लिए बाध्य होंगे।
webdunia
Publish Date: Wed, 24 Oct 2018 (15:59 IST)
Updated Date: Wed, 24 Oct 2018 (16:04 IST)